रतलाम जिले के ग्राम हरथल में एक दुल्हन ने बरात आने के 10 मिनट बाद जहर पी लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसे गम्भीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उसके जहर पीने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। बेहोश होने से अभी उसके पुलिस बयान नहीं हो पाए हैं, उसके बयान होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि उसने जहर क्यों पी लिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम हरथल निवासी 20 वर्षीय कविता का विवाह ग्राम गडावदिया निवासी दीपक भगोरा से तय किया था। दोनों की शादी 25 जनवरी को होना थी। दोनों की शादी के लिए उनके परिजन ने व्यापक तैयारियां की थी और उनके घरों पर खुशी का माहौल था। रविवार सुबह करीब 10 बजे दीपक लगभग 200 बरातियों के साथ वाहनों से बरात लेकर कविता के यहां पहुंचा। दुल्हन कविता अन्य लोगों के साथ बाहर आकर बरात देखने लगी। परिजन बरातियों का स्वागत कर पाते उसके पहले ही दुल्हन कविता ने बाथरूम में जाकर जहर पी लिया। उसके जहर पीने की खबर तेजी से फैली और लोगों में हड़कम्प मच गया। माता-पिता व अन्य परिजन उसे सरकारी अस्पताल ले गए। हालत गम्भीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया। परिजन ने उसे मेडिकल कॉलेज न ले जाते हुए रतलाम के एक निजी अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
ये भी पढ़ें-बड़वानी में खंडवा-वडोदरा नेशनल हाईवे धंसा, एमपी-गुजरात को जोड़ने वाले मार्ग पर घंटों ठप रहा ट्रैफिक
कविता के पिता कमल सिंह गरवाल व मां पारीबाई ने बताया कि कविता की शादी उसकी सहमति से करीब पांच माह पहले की थी। वह खुश थी तथा शादी के कपड़ों आदि की खरीदारी भी उसने की थी। सुबह हम बरातियों के स्वागत व भोजन की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी बीच करीब 10 बजे बरात आई। बराती घर से कुछ दूर आकर रुके। वे बरातियों का स्वागत करने जाने वाले थे, इसी बीच दुल्हन कविता ने मां से कहा कि वह बाथरूम करके आती है और बाथरूम में गई तथा वहां जहर पी लिया। इसके बाद वह उल्टी करती हुई बाहर आई और मां को बताया कि उसने जहर पी लिया है। इसके बाद हम उसे अस्पताल ले गए। मां ने बताया कि जब कविता से पूछा कि उसने जहर क्यों पी लिया, तो उसने कहा कि यूं ही पी लिया। डॉक्टर नमन शाह ने बताया कि कविता की हालत नाजुक है, उसने कीटनाशक पीया है, आईसीयू में एडमिट है, इलाज किया जा रहा है।