पन्ना जिले में पुलिस ने एक बड़ी और अहम कार्रवाई करते हुए मंदिरों और सूने मकानों में चोरी करने वाले शातिर अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से करीब 35 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अब तक 19 से अधिक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। आरोपी पन्ना, कटनी और सतना जिलों में मंदिरों और बंद घरों को निशाना बनाते थे। खास तौर पर यह गिरोह रात के समय सुनसान इलाकों में स्थित मंदिरों और लंबे समय से बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी करता था।
मंदिर सूने घरों को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, थाना देवेंद्रनगर और थाना सलेहा क्षेत्र में हाल ही में हुई मंदिर चोरियों की घटनाओं के बाद विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई। लगातार दबिश के बाद गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवरात, मंदिरों से चोरी किए गए दानपात्र, नकद राशि, कीमती बर्तन और अन्य घरेलू सामान बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया।
ये भी पढ़ें- स्कूलों के बाहर 'इत्र की शीशी' वाले की दहशत, पुलिस ने पकड़ा तो सामने आई हैरान कर देने वाली वजह
पहले भी दे चुके हैं इस तरह की वारदात को अंजाम
ये आरोपी पहले भी कई जिलों में चोरी की घटनाएं कर चुके हैं और सभी आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह योजनाबद्ध तरीके से काम करता था। पहले मंदिरों और घरों की रेकी की जाती, फिर मौका देखकर चोरी को अंजाम दिया जाता था। चोरी के माल को अलग-अलग स्थानों पर बेचने की भी तैयारी रहती थी।
पन्ना पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय चोरी के मामलों पर बड़ी रोक लगी है। पुलिस अधीक्षक ने टीम को इस सफलता के लिए सराहना दी है और कहा है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। इस खुलासे से आमजन में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है और मंदिर समितियों व नागरिकों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।