स्वामी सीताराम वार्ड निवासी युवक आशीष यादव की गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, आशीष ने 15 सितंबर को कीटनाशक दवा का सेवन किया था। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार, घटना से पहले आशीष ने एक वीडियो बनाया था, जो बाद में उसके मोबाइल में मिला। वीडियो में उसने एक युवती और उसके कथित दूसरे प्रेम संबंध को लेकर धोखा दिए जाने की बात कही है। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। आशीष की बहन आशा यादव ने बताया कि मोबाइल में वीडियो के अलावा युवती और उसके कथित साथी के बीच हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट भी मिले हैं। परिजनों ने मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें- सीधी की इंफ्लूएंसर लीला साहू ने सरकार पर दागे सवाल: बदहाल सड़क के मुद्दे पर कांग्रेस ने किया समर्थन
बताया जा रहा है कि आशीष का घुटास क्षेत्र की रहने वाली युवती से करीब चार साल से प्रेम संबंध था। आशीष के मुताबिक, 10 सितंबर को युवती से मिलने के दौरान उसे सोशल मीडिया अकाउंट से उसके किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने की जानकारी मिली थी। आशीष की मौत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मोबाइल में मिले वीडियो, चैट स्क्रीनशॉट समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।