देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से चतुर्थ श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग की सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार भगवान ओंकारेश्वर मंगलवार 17 नवंबर को गोपाष्टमी के अवसर पर अपने ससुराल यानी मालवा क्षेत्र के 15 दिवसीय भ्रमण पर प्रस्थान कर गए हैं। अब 15 दिन बाद 1 दिसंबर को भैरव अष्टमी के दिन बाबा वापस ओंकारेश्वर पधारेंगे।
श्री ओंकारेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित डंकेश्वर दीक्षित ने बताया कि भगवान राम से 14 पीढ़ी पूर्व मान्धाता राजा की तपस्या से भगवान ओंकारेश्वर प्रकट हुए थे। निमाड़ को बाबा भोलेनाथ का निवास और मालवा क्षेत्र को उनका ससुराल माना जाता है। इसी किंवदंती और परंपरा के तहत बाबा गोपाष्टमी से भैरवाष्टमी तक 15 दिनों के लिए मालवा भ्रमण पर जाते हैं। प्रस्थान के अवसर पर भगवान को सवा मन का विशेष भोग लगाया गया और ढोल-नगाड़ों के साथ उन्हें विदा किया गया।
इधर इस प्राचीन परंपरा के निर्वहन में 17 नवंबर को ज्योतिर्लिंग मंदिर के पावन प्रांगण में राजपुरोहित पंडित श्री जगदीशचंद्र परसाई द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री गणेश पूजा, हनुमान पूजा, नंदी पूजा और चौखट पूजा विधि-विधान से संपन्न कराई गई। इस विशेष पूजन का आयोजन मंदिर के ट्रस्टी राव पुष्पेंद्र सिंह चौहान और उनकी पुत्री प्राची सिंह चौहान द्वारा करवाया गया।
ये भी पढ़ें: उज्जैन: महाकाल के दर्शन करने पहुंचे मोरारी बापू, बोले- लोगों को सनातन से जोड़ना ही स्वस्तिक यात्रा का उद्देश्य
15 दिनों तक नहीं होंगे शयन शृंगार के दर्शन
वहीं ज्योतिर्लिंग मन्दिर के मुख्य पुजारी डंकेश्वर दीक्षित ने बाबा ओमकार के भक्तों को जानकारी देते हुए बताया कि भोले बाबा के भ्रमण पर रहने के कारण 17 नवंबर से आगामी 15 दिनों तक मंदिर में भगवान की शयन व्यवस्था नहीं रहेगी। इस अवधि में भगवान का झूला, पलना और चौपड़-पांसे आदि नहीं लगाए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को 'शयन शृंगार' के दर्शन नहीं हो सकेंगे।
हालांकि उन्होंने बताया कि इस दौरान रोजाना की तरह ही शयनकालीन आरती यथावत संपन्न होगी और प्रतिदिन होने वाले सामान्य दर्शन भी पूर्ववत जारी रहेंगे। आगामी 1 दिसंबर 2026 को भैरव अष्टमी के दिन जब भगवान ओंकारेश्वर मालवा भ्रमण से वापस पधारेंगे, तब ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया जाएगा और झूला-पलना सहित शयन शृंगार की व्यवस्था पुनः विधिवत प्रारंभ हो जाएगी।