ग्वालियर जिले के डबरा अनुभाग के पिछोर थाना क्षेत्र में शनिवार को बच्चों से भरी स्कूल बस पर फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। टेकनपुर स्थित ग्लोरियस कॉन्वेंट स्कूल की बस में करीब 50 बच्चे सवार थे। बड़ी अकबई गांव के पास कार हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद कार सवार दो युवकों ने कथित तौर पर बस चालक पर कट्टे से चार फायर कर दिए। घटना में बस चालक खेम सिंह घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रेफर किया गया है। राहत की बात यह रही कि किसी बच्चे को गोली नहीं लगी।
जानकारी के मुताबिक, स्कूल बस बच्चों को लेकर जा रही थी। जैसे ही बस पिछोर थाना क्षेत्र के बड़ी अकबई गांव के पास पहुंची, एक स्विफ्ट कार बीच सड़क पर खड़ी मिली। बस चालक ने कार सवार युवकों से रास्ता देने और गाड़ी हटाने के लिए कहा। आरोप है कि युवकों ने कार में पेट्रोल खत्म होने की बात कही। इसके बाद बस चालक ने कार को धक्का देकर सड़क से हटाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
पढे़ं: क्लास में टीचर बनकर बच्चों को पढ़ाया, लापरवाही पर प्राचार्य-शिक्षक को थमाया नोटिस
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कार सवार युवकों ने गुस्से में कट्टा निकाल लिया और बस चालक पर चार गोलियां चला दीं। फायरिंग में चालक खेम सिंह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बस चालक के मुताबिक, आरोपियों की स्विफ्ट कार पर ‘गुर्जर’ लिखा हुआ था और उसके शीशे काले थे। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीओपी सौरभ कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घायल बस चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
पुलिस अब आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश में जुटी है। घटना के बाद बस में सवार बच्चों को सुरक्षित रखा गया और स्कूल बस को पिछोर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बच्चों से भरी बस पर हुई इस फायरिंग ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस समय बस पर गोलियां चलाई गईं, उस वक्त करीब 50 बच्चे बस के अंदर मौजूद थे। ऐसे में यदि कोई गोली बस के अंदर बैठे बच्चे को लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पिछोर थाना क्षेत्र में पहले भी फायरिंग, हर्ष फायरिंग और हथियारों के प्रदर्शन के वीडियो सामने आने की बात कही जा रही है। ऐसे में स्कूल बस पर हुई इस घटना ने पुलिस की कार्रवाई और बदमाशों में कानून के डर को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करना और यह पता लगाना है कि बच्चों से भरी बस पर फायरिंग करने वाले आरोपी कौन हैं।