जमीन को लेकर चल रही पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र के पदमपुर खेरिया गांव में दो पक्षों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में पिता-पुत्र की मौत हो गई। पहले बेटे अमित लोधी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि गंभीर रूप से घायल पिता कमलेश लोधी की भी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दोहरी हत्या की वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक पदमपुर खेरिया गांव में कमलेश लोधी के परिवार का उनके चाचा राजकुमार लोधी के परिवार से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले भी कई बार तनाव की स्थिति बन चुकी थी। करीब चार महीने पहले भी दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई थी। उस समय विवाद किसी तरह शांत हो गया था लेकिन जमीन को लेकर दोनों परिवारों के बीच चली आ रही रंजिश खत्म नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि पुरानी दुश्मनी के चलते एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। फायरिंग की चपेट में अमित लोधी आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके पिता कमलेश लोधी के पैर में गोली लगी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: विदिशा: पुलिस के दो सिपाहियों की दबंगई! भोपाल क्राइम ब्रांच बताकर युवक को उठाने पहुंचे, लोगों ने पकड़ा
एक ही परिवार के पिता-पुत्र की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद आरोपी पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि चार महीने पहले भी जब दोनों पक्षों के बीच गोलियां चली थीं, तब विवाद को खत्म करने के लिए क्या कार्रवाई की गई थी? आखिर जमीन की पुरानी रंजिश को समय रहते क्यों नहीं सुलझाया जा सका? फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।