केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र के गुना जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान शहर में उस समय स्थिति कुछ देर के लिए अलग नजर आई, जब गुलाबगंज क्षेत्र में हनुमान मंदिर के सामने कुछ स्वागतकर्ताओं और रहवासियों ने सिंधिया की गाड़ी को रोक लिया। लोगों ने क्षेत्र की जर्जर सड़क की समस्या सीधे क्षेत्रीय सांसद के सामने रखी और जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की।
लोगों का कहना था कि 10 बार आवेदन दे दिया, कैंट चौराहे से लेकर क्षेत्र रोड स्थित रेलवे फाटक तक सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। जगह-जगह सड़क उखड़ी हुई है और गड्ढों के कारण राहगीरों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने सिंधिया से कहा कि इस मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
ये भी पढ़ें- सुविधा: त्योहारों पर 34 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन सेवाएं, यात्रियों का बढ़ता देख रेलवे चलाएगा कुल 100 ट्रेनें
सिंधिया का काफिला जैसे ही गुलाबगंज स्थित हनुमान मंदिर के सामने पहुंचा, कुछ लोग सड़क की समस्या को लेकर उनके वाहन के पास पहुंच गए। उन्होंने अपनी परेशानी बताते हुए सड़क निर्माण की मांग रखी। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि वे लंबे समय से सड़क के सुधार की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। रहवासियों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सड़क की हालत नहीं सुधारी गई तो आगामी चुनाव में वे वोट नहीं डालेंगे। लोगों के इस तेवर के बाद मौके पर कुछ देर के लिए राजनीतिक माहौल भी गरमा गया। इस पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा ये भाषा का उपयोग मेरे सामने न करें आप मेरे पास आइए ओर निवेदन करिए में मेरी जिम्मेदारी है। कहा सब हो जाएगा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कैंट चौराहे से क्षेत्र रोड होते हुए रेलवे फाटक तक जाने वाला मार्ग शहर के महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों में शामिल है। इस रास्ते से रोजाना दोपहिया, चार पहिया वाहनों के साथ स्थानीय लोग और आसपास के रहवासी आवागमन करते हैं। सड़क खराब होने के कारण वाहन चालकों को गड्ढों और उबड़-खाबड़ हिस्सों से होकर गुजरना पड़ता है। लोगों ने सिंधिया से कहा कि सड़क का निर्माण केवल क्षेत्र के लोगों की सुविधा का विषय नहीं है, बल्कि यह शहर के सुचारू यातायात से भी जुड़ा मामला है। उन्होंने सड़क का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
सिंधिया के दौरे के दौरान आमतौर पर लोग स्वागत और अपनी समस्याएं बताने के लिए उनसे मिलते हैं। लेकिन गुलाबगंज में सड़क की समस्या को लेकर रहवासियों का सीधे काफिला रोककर अपनी बात रखना चर्चा का विषय रहा। लोगों ने बिना किसी संकोच के अपनी नाराजगी जाहिर की और कहा कि उन्हें अब आश्वासन के बजाय सड़क का काम शुरू होता हुआ दिखाई देना चाहिए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क की स्थिति को लेकर कई बार समस्या उठाई जा चुकी है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। वहीं, पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी खराब सड़क के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।