दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र में चोरों ने प्राचीन हनुमान मंदिर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। नवोदय वार्ड ककराई में तालाब किनारे स्थित मंदिर का ताला तोड़कर एक नकाबपोश चोर दान पेटी लेकर फरार हो गया। चोरी की पूरी घटना मंदिर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। गुरुवार सुबह मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं और पुजारी ने ताला टूटा देखा तो घटना का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी फुटेज में एक नकाबपोश चोर मुंह पर कपड़ा बांधकर मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़ता और अंदर प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह दान पेटी उठाकर मौके से फरार हो जाता है। फुटेज सामने आने के बाद आसपास के लोगों ने भी चोर की पहचान के लिए अन्य सीसीटीवी कैमरों की जांच की।
पढ़ें: दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले महापौर सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी, बीडीएस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
मंदिर से दान पेटी गायब मिलने के बाद आसपास के खेतों में तलाश की गई। इस दौरान एक खेत में खाली दान पेटी और कुछ सिक्के पड़े मिले। आशंका जताई जा रही है कि दान पेटी में करीब 40 से 50 हजार रुपये रखे हुए थे। हालांकि, दान पेटी साल में एक बार खोली जाती थी, इसलिए उसमें मौजूद वास्तविक राशि की जानकारी नहीं मिल सकी है।
मंदिर की देखरेख करने वाले रामकुमार साहू ने बताया कि वह प्रतिदिन सुबह मंदिर का ताला खोलते हैं। गुरुवार सुबह जब वह मंदिर पहुंचे तो ताला टूटा हुआ था और दान पेटी गायब थी। उन्होंने तत्काल हटा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद रवाना हो गई।
इधर, घटना की जानकारी मिलने पर हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं और वार्डवासियों में नाराजगी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नकाबपोश चोर की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी है।