इंदौर: दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले महापौर सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी, बीडीएस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
इंदौर में 15 नवंबर को दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले महापौर सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। गुरुवार शाम बीडीएस, बम एस्कॉर्ट और डॉग स्क्वॉड ने पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया।
विस्तार
शहर में 15 नवंबर को होने वाले मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट से पहले धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब महापौर सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। लगातार मिल रही धमकियों को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। इसी कड़ी में गुरुवार शाम बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) की टीम महापौर सचिवालय पहुंची और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया।
जानकारी के मुताबिक, महापौर कार्यालय को लगातार बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। इसके मद्देनजर पुलिस किसी भी तरह की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है। गुरुवार शाम बीडीएस की टीम ने सचिवालय पहुंचकर सुरक्षा जांच शुरू की। इस दौरान बम एस्कॉर्ट टीम के साथ डॉग स्क्वॉड को भी जांच में शामिल किया गया।
पढ़ें: भाजपा नेता बंटी पटेल के भाई पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, धमकी देने के आरोप में शस्त्र लाइसेंस रद्द
सुरक्षा टीम ने कार्यालय के अलग-अलग कक्षों, प्रवेश और निकास द्वारों समेत पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली। संदिग्ध वस्तुओं और संभावित खतरे की जांच के लिए काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। धमकियों के बाद महापौर सचिवालय की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि 15 नवंबर को इंदौर में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का बड़ा लाइव कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। इससे पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव को भी धमकी भरे ईमेल मिलने की जानकारी सामने आ चुकी है। बताया गया था कि इन ईमेल में खालिस्तान सहित अन्य संदर्भों का उल्लेख किया गया था। इसके बाद से ही पुलिस और प्रशासन बड़े आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा कर रहे हैं।
एक ओर शहर में कॉन्सर्ट की तैयारियां चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर महापौर सचिवालय को लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हर संभावित पहलू पर नजर रखी जा रही है।

