जिले के पानसेमल थाना क्षेत्र स्थित शासकीय कन्या शिक्षा परिसर, टाकली छात्रावास में शनिवार शाम करीब 4.30 बजे कक्षा 9वीं की छात्रा निर्जला पिता दिलीप वास्कले की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। निर्जला खोड़ा मोहाली गांव की रहने वाली थी।
घटना की सूचना मिलते ही छात्रावास में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर तहसीलदार सुनील सिसोदिया, पानसेमल थाना प्रभारी विजय रावत और खेतिया थाना प्रभारी एस. भंवर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने देर रात तक पंचनामा कार्रवाई की।
परिजनों ने थाने का घेराव कर एफआईआर की मांग की
छात्रा की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। इसके बाद वे पानसेमल थाने पहुंचे और घेराव कर प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप था कि छात्रावास प्रबंधन की लापरवाही के कारण छात्रा की मौत हुई है। उनका कहना था कि पुलिस जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है। रविवार सुबह 11 बजे तक कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों और आदिवासी समाज के सैकड़ों लोगों ने खेतिया-सेंधवा स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर बैठे लोगों ने 'हमारी बच्ची को न्याय दो', 'पुलिस प्रशासन होश में आओ' और 'जिला प्रशासन होश में आओ' के नारे लगाए।
पढ़ें: 10 की मौत के बाद बंडा अस्पताल पहुंचे सांसद-विधायक और अफसर, मरीजों का जाना हाल
सात घंटे बाद अधीक्षिका को मूल पद पर भेजा
चक्काजाम की सूचना पर प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों व समाजजनों से चर्चा की। मौके पर एडीशनल एसपी धीरज बब्बर, अपर कलेक्टर हेमा डावर, सहायक आयुक्त रंजना सिंह, एसडीओपी बी.एल. अटोदे, एसडीएम पानसेमल रमेश सिसोदिया, तहसीलदार सुनील सिसोदिया और टीआई विजय रावत सहित पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने परिजनों की मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद तत्काल प्रभाव से छात्रावास अधीक्षिका नीला चौहान को उनके मूल पद पर भेजने की कार्रवाई की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा भी दिलाया। इसके बाद आक्रोशित परिजन और समाजजन हाईवे से हटे।
एसडीओपी बोले- हर पहलू से जांच जारी
परिजनों ने एसडीओपी बी.एल. अटोदे के सामने जांच में देरी को लेकर सवाल उठाए। एसडीओपी ने बताया कि मामले को संदिग्ध मौत मानते हुए हर पहलू से गहराई से जांच की जा रही है। परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पीएम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद खुला जाम
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में छात्रा के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया। चक्काजाम के दौरान तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। करीब सात घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासन की समझाइश और अधीक्षिका को मूल पद पर भेजने की कार्रवाई के बाद परिजन व समाजजन सड़क से हटे। शाम करीब 6 बजे चक्काजाम समाप्त होने के बाद खेतिया-सेंधवा स्टेट हाईवे पर यातायात सामान्य हो गया।