अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ विकासखंड के राजेंद्रग्राम मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर रीवा-अमरकंटक मार्ग पर सोमवार को पुष्पराजगढ़ महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने एनएसयूआई छात्रसंघ के बैनर तले दो प्रमुख मांगों को लेकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विद्यार्थी मांगों के निराकरण तक प्रदर्शन जारी रखने पर अड़े रहे।
छात्रों का कहना है कि 17 सितंबर से महाविद्यालय का संचालन राजेंद्रग्राम स्थित पुराने भवन से नवीन भवन में स्थानांतरित किया गया है। नवीन भवन मुख्य मार्ग से करीब 700 मीटर दूर पहाड़ी क्षेत्र में बनाया गया है। यहां पहुंचने के लिए अब तक पक्की सड़क की सुविधा नहीं है। बारिश के दौरान कीचड़युक्त रास्ते से विद्यार्थियों, प्रोफेसरों और कर्मचारियों को आवागमन करना पड़ा।
ये भी पढ़ें- एमपी: शिक्षक भर्ती पर राहुल गांधी ने सीएम मोहन को लिखा पत्र, कहा- एक लाख पद खाली तो इतनी कम भर्ती क्यों?
दूसरी प्रमुख मांग महाविद्यालय तक विद्यार्थियों के लिए बस सुविधा उपलब्ध कराने की है। छात्रों के अनुसार नया भवन राजेंद्रग्राम से करीब 4-5 किलोमीटर दूर वीरान क्षेत्र में है। संस्थागत बस सुविधा नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को निजी बसों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों पर अतिरिक्त खर्च का भार पड़ रहा है। छात्रों का दावा है कि सुविधा के अभाव में कई विद्यार्थी नियमित कक्षाओं से दूर हो रहे हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्य संगीता मसीह ने बताया कि मुख्य मार्ग से महाविद्यालय तक ग्रेवल सड़क निर्माण के लिए शासन से 14.21 लाख रुपये स्वीकृत हैं। बारिश के कारण पूर्व में काम नहीं हो सका। कलेक्टर के निर्देश पर अब बीटी रोड की वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सड़क निर्माण कराया जाना है। उन्होंने बताया कि बस संचालन का प्रावधान नहीं है और इसे जनभागीदारी के माध्यम से संचालित किया जाता है। छात्रों से चर्चा के लिए बैठक तय की गई है। फिलहाल विद्यार्थियों का विरोध जारी है।