{"_id":"6ac62f11c160ffe9ae0fcef3","slug":"video-district-level-dussehra-festival-in-sarahan-to-begin-with-lord-raghunaths-chariot-procession-2026-10-07","type":"video","status":"publish","title_hn":"वीडियो: सराहन में भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा के साथ शुरू होगा जिला स्तरीय दशहरा पर्व","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वीडियो: सराहन में भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा के साथ शुरू होगा जिला स्तरीय दशहरा पर्व
मां भीमाकाली की नगरी सराहन में 20 से 23 अक्तूबर तक जिला स्तरीय दशहरा मेला आयोजित किया जाएगा। मेले का शुभारंभ 20 अक्तूबर को भगवान रघुनाथ जी की रथ यात्रा के साथ होगा। मेले में शिमला, कुल्लू और किन्नौर जिले के करीब 20 देवी-देवता शिरकत करेंगे। देवताओं के साथ 1500 से 1800 देवलुओं के पहुंचने की उम्मीद है। मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार को रामपुर में एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में मेले के दौरान यातायात, कानून व्यवस्था, बिजली, पानी और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने सभी विभागों, संस्थाओं, मंदिर न्यास और जनप्रतिनिधियों को आपसी तालमेल के साथ व्यवस्थाएं समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले के दौरान दो सरकारी और दो निजी बसें चलाने के निर्देश दिए। इसके लिए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी और निजी बस ऑपरेटरों के साथ जल्द बैठक करने को कहा गया। मेले में शामिल होने वाले देवताओं के साथ आने वाले देवलुओं के ठहरने के लिए लंगर हॉल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, प्राथमिक पाठशाला और उप तहसील भवन में व्यवस्था की जाएगी। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को पानी और बिजली की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नायब तहसीलदार सराहन को सडक़ किनारे हुए अतिक्रमण हटाने को कहा गया। उन्हें मेले में लगने वाले स्टॉल के लिए जगह निर्धारित करने को भी कहा। इसके लिए नायब तहसीलदार, मंदिर न्यास, पुलिस और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने को कहा गया है। वहीं उन्होंने पुलिस प्रशासन को मेले के दौरान कानून व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने और बाहर से आने वाली रिजर्व पुलिस के ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने भी विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव दिए। इस दौरान बताया गया कि 20 और 23 अक्तूबर को निकलने वाली भगवान रघुनाथ जी की रथ यात्रा में महिला मंडल भजन-कीर्तन करेंगे। प्रशासन ने मेले को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने को कहा है। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने कहा कि बीते वर्षों की तरह इस वर्ष भी इस जिला स्तरीय मेले को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। मेले के दौरान दो सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने कहा कि नलाटी स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मेले से जुड़ी सभी तरह की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए हैं।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।