{"_id":"6ad83575a29031cafa02633c","slug":"video-jaisinghpur-dussehra-national-level-2027-mukesh-agnihotri-2026-10-21","type":"video","status":"publish","title_hn":"कांगड़ा: जयसिंहपुर का दशहरा अब होगा राष्ट्र स्तरीय, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की घोषणा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कांगड़ा: जयसिंहपुर का दशहरा अब होगा राष्ट्र स्तरीय, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की घोषणा
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर में आयोजित ऐतिहासिक दशहरा उत्सव को अब राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव के समापन समारोह में घोषणा की कि वर्ष 2027 से जयसिंहपुर का दशहरा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जाएगा। वर्ष 2026 में यह उत्सव अंतिम बार राज्य स्तरीय स्वरूप में मनाया गया।
वर्ष 2007 में राज्य स्तरीय मेले का दर्जा हासिल करने वाले इस उत्सव को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने की घोषणा से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद है। इससे जयसिंहपुर के दशहरा उत्सव को प्रदेश से बाहर भी नई पहचान मिल सकती है।
विजयादशमी के अवसर पर जयसिंहपुर के चौगान में आयोजित दशहरा उत्सव का समापन रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के दहन तथा भव्य आतिशबाजी के साथ हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक उत्सव का आनंद लिया।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जयसिंहपुर में दशहरा उत्सव का आयोजन शानदार ढंग से किया गया। उन्होंने यहां की आतिशबाजी और उत्सव की भव्यता की सराहना की।
समारोह के दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने जयसिंहपुर में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 300 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा चुकी हैं। इसके अलावा एक हजार नई इलेक्ट्रिक बसें और 200 हाइड्रोजन बसें खरीदने की योजना है।
उन्होंने बताया कि जयसिंहपुर में पेयजल योजनाओं पर 236 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। साथ ही क्षेत्र के बस अड्डे का निर्माण कार्य भी जल्द पूरा किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले हिमाचली संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और उसे आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने जयसिंहपुर दशहरा उत्सव को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा देने और क्षेत्र में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की मांग रखी। समारोह के दौरान अतिथियों को सम्मानित किया गया और दशहरा स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
दशहरा उत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक निंजा, स्टैंडअप कॉमेडियन विशाल शर्मा और गायक बिक्की राजटा ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
बिक्की राजटा ने 'डुंगे नालुए' और 'रोहड़ू जाणा मेरी आमिये' जैसे लोकप्रिय हिमाचली गीत प्रस्तुत किए, जिन पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ तीन दिवसीय राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव का समापन हुआ।
इस अवसर पर विधायक आशीष बुटेल, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव बलविंदर सिंह बबलू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जयसिंहपुर के अध्यक्ष जसवंत डडवाल, जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता दीपक गर्ग, एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।