{"_id":"6ad1e707a02b99d4560506bd","slug":"video-nadaun-tyalu-mason-murder-three-thousand-rupees-dispute-2026-10-16","type":"video","status":"publish","title_hn":"हमीरपुर: तीन हजार रुपये के लेनदेन में मिस्त्री की हत्या, फावड़े से किए वार; एक आरोपी गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हमीरपुर: तीन हजार रुपये के लेनदेन में मिस्त्री की हत्या, फावड़े से किए वार; एक आरोपी गिरफ्तार
Ankesh Dogra
Updated Fri, 16 Oct 2026 02:27 PM IST
Link Copied
हमीरपुर जिले की फस्टे पंचायत के ट्यालू गांव में प्रवासी मिस्त्री दिग्विजय उर्फ गांगुली की हत्या के मामले में पुलिस की प्रारंभिक जांच में तीन हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, वारदात में मिस्त्री के साथ काम करने वाले दो सहायक मजदूरों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें फस्टे पंचायत निवासी सुरजीत को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बिहार के मधुबनी निवासी संतोष फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, मंगलवार रात तीनों एक साथ बैठे थे और उन्होंने शराब का सेवन किया था। इसके बाद तीन हजार रुपये के लेनदेन को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों सहायक मजदूरों ने फावड़े से वार कर दिग्विजय की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों मौके से चले गए।
पुलिस ने घटनास्थल से खून लगा फावड़ा बरामद कर कब्जे में लिया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वारदात मंगलवार रात की बताई जा रही है, जबकि पुलिस को इसकी सूचना बुधवार शाम मिली। गांव के एक छोर पर सुनसान जगह स्थित कच्चे मकान के बरामदे में दिग्विजय का खून से लथपथ शव पड़ा था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम कुछ लोग रामलीला देखने जा रहे थे। घास से ढके रास्ते से गुजरते समय उनकी नजर मकान पर पड़ी। वहां लाइट जलती देख उन्होंने आगे बढ़कर आवाज लगानी चाही, लेकिन बरामदे में शव देखकर वे घबरा गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर डीएसपी रश्मि शर्मा और थाना प्रभारी नाजर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। वीरवार सुबह फोरेंसिक टीम ने भी मौके की जांच की। शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। खबर लिखे जाने तक परिजन हमीरपुर नहीं पहुंचे थे।
पुलिस ने फस्टे निवासी सुरजीत पुत्र रमेश को गिरफ्तार किया है। उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, बिहार के मधुबनी निवासी दूसरे आरोपी संतोष की तलाश तेज कर दी गई है।
जांच के अनुसार, दिग्विजय टाइल लगाने का काम करता था और दोनों आरोपी उसके साथ सहायक मजदूर के तौर पर काम करते थे। पुलिस पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद और वारदात की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
एएसपी हमीरपुर राजेश ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।