कोंडागांव जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केशकाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 112.076 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 11 लाख 20 हजार 760 रुपये बताई जा रही है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त काले रंग की वोक्सवैगन कार को भी जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोंडागांव पुलिस द्वारा जिले में अवैध गांजा, शराब तस्करी, असामाजिक तत्वों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 5 मार्च 2026 को केशकाल थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक काले रंग की वोक्सवैगन कार में अवैध गांजा छिपाकर ओडिशा से रायपुर की ओर जगदलपुर-केशकाल मार्ग से ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना केशकाल के सामने एमसीपी (चेकिंग प्वाइंट) लगाकर वाहन की निगरानी शुरू की। कुछ समय बाद संदिग्ध कार दिखाई देने पर उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर कांकेर की ओर तेज रफ्तार से भागने लगा। पुलिस टीम ने शासकीय वाहन से पीछा किया। घाटी क्षेत्र में भी वाहन नहीं रुकने पर पुलिस सहायता केंद्र दादरगढ़ को सूचना देकर कैंप के सामने बैरिकेडिंग कराई गई।
बैरिकेडिंग को टक्कर मारने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। इस दौरान चालक वाहन छोड़कर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शैतान सिंह गौर (28 वर्ष) निवासी मुरलिया, तहसील बैगुन, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की में भूरे रंग के सेलो टेप से पैक 27 पैकेट गांजा बरामद हुए, जिनका कुल वजन 112.076 किलोग्राम निकला। पुलिस ने गांजा और कार को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।