{"_id":"6ad86c30683a25fcde0438c7","slug":"video-shimla-rural-sports-mahakumbh-9553-players-21-lakh-prize-money-2026-10-21","type":"video","status":"publish","title_hn":"शिमला ग्रामीण खेल महाकुंभ में उतरेंगे 9553 खिलाड़ी, 21 लाख के नकद पुरस्कार बांटे जाएंगे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शिमला ग्रामीण खेल महाकुंभ में उतरेंगे 9553 खिलाड़ी, 21 लाख के नकद पुरस्कार बांटे जाएंगे
Ankesh Dogra
Updated Wed, 21 Oct 2026 01:09 PM IST
Link Copied
शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए 25 अक्टूबर से 15 नवंबर तक खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। ‘खेलेंगे भी, खिलेंगे भी’ थीम पर होने वाले इस आयोजन में 9553 खिलाड़ी और आयोजन समिति के सदस्य हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कुल 21 लाख रुपये के नकद पुरस्कार, ट्रॉफियां और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।
बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि शिमला ग्रामीण खेल महाकुंभ का आयोजन पिछले कई वर्षों से युवाओं, महिलाओं और पुरुषों को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से किया जा रहा है। प्रदेश में पिछले दो वर्षों के दौरान प्राकृतिक आपदाओं के कारण इसका आयोजन नहीं हो पाया था। इस बार खेल महाकुंभ को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की गई है।
खेल महाकुंभ का शुभारंभ 25 अक्टूबर को सुबह 11 बजे बनूटी में होगा, जबकि समापन समारोह 15 नवंबर को सुन्नी में आयोजित किया जाएगा।
खेल महाकुंभ में क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, रस्साकशी, लोक नृत्य, फैशन शो और मॉडलिंग सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। आयोजकों के अनुसार क्रिकेट में 211, वॉलीबॉल में 50 और महिला व पुरुष कबड्डी में 60-60 टीमें भाग लेंगी। महिला और पुरुष बैडमिंटन में भी 60-60 टीमें हिस्सा लेंगी।
इसके अलावा लोक नृत्य की 100 टीमें और रस्साकशी की 260 टीमें प्रतियोगिता में उतरेंगी। फैशन शो और मॉडलिंग के लिए अब तक 400 महिलाओं ने पंजीकरण करवाया है। म्यूजिकल चेयर सहित अन्य मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजन का हिस्सा होंगी।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन सुन्नी, करयाली, कुनिहार और कुण्डाघाट में किया जाएगा। अन्य खेल प्रतियोगिताएं सुन्नी और बनूटी में आयोजित होंगी। आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए 400 सदस्यों की समिति गठित की गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि खेल महाकुंभ में केवल शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के लोग ही भाग ले सकेंगे। एक पंचायत का खिलाड़ी किसी दूसरी पंचायत की टीम से नहीं खेल पाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी पंचायत और क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर देना है।
आयोजकों के अनुसार रस्साकशी को छोड़कर अन्य प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को वियरिंग किट उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक खेल के खिलाड़ियों को संबंधित प्रतियोगिता के लिए प्लेइंग किट भी दी जाएगी।
विक्रमादित्य सिंह ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं और युवाओं को खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि खेल मंत्री रहते हुए कटासनी इंडोर खेल मैदान के लिए छह करोड़ रुपये जारी करवाए थे। यहां इंडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य जारी है, जो आगामी चार से पांच महीने में पूरा हो जाएगा। कटासनी में करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर मल्टी पर्पज खेल मैदान विकसित किया जा रहा है।
वहीं मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर में दिवंगत वीरभद्र सिंह की प्रतिमा सिंह अनावरण कार्यक्रम में एक ही गुट के नेताओ के शामिल होने के भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा गैर जिम्मेदाराना बात कर रही है। ये जिला स्तर का कार्यक्रम था सभी को निमंत्रण दिया था जो आ सका वो आए। इसमें कोई गुटबाजी वाली बात नहीं है। रिज पर मैन प्रतिमा लगी है उसमें कांग्रेस का पूरा शीर्ष नेतृत्व शामिल हुआ था।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।