उज्जैन जिले में आबकारी विभाग ने अब तक की सबसे सख्त और बड़ी कार्रवाई के दौरान अनुपयोगी देशी शराब को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। एमआर-5 मक्सी रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड पर 94 लाख 72 हजार रुपये मूल्य की 21,310.74 लीटर देशी मदिरा को बुलडोजर से कुचलकर नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान बुलडोजर गरजता रहा और हजारों पेटियों में भरी मदिरा देखते ही देखते मिट्टी में मिल गई।
यह शराब उज्जैन जिले के तराना, उज्जैन, खाचरौद, महिदपुर और बड़नगर स्थित देशी मदिरा भांडागारों में लंबे समय से अनुपयोगी हालत में रखी थी। आबकारी आयुक्त मध्यप्रदेश अनुमति मिलने के बाद कलेक्टर उज्जैन रौशन कुमार सिंह के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजेश बोरासी की अध्यक्षता में समिति गठित की गई, जिसने पूरी नष्टीकरण प्रक्रिया की गई। समिति के समक्ष 2367.86 पेटियों में रखी मदिरा पर बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक आबकारी आयुक्त निधि जैन, सहायक जिला आबकारी अधिकारी मुकेश रणदा सहित समिति के सभी सदस्य और संबंधित कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें-जल कार्य प्रभारी के बड़े बोल से छिड़ी बहस, कहा- गंभीर नदी के पानी के आगे बिसलेरी भी फेल
नष्टीकरण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई
इस पूरी कार्रवाई को पूरी पारदर्शिता के साथ अंजाम दिया गया। बुलडोजर से नष्टीकरण की हर प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। आबकारी विभाग ने साफ किया कि इस सख्त कदम का उद्देश्य अनुपयोगी मदिरा के किसी भी प्रकार के दुरुपयोग, अवैध बिक्री या गलत हाथों में पहुंचने की आशंका को पूरी तरह खत्म करना है। प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ संदेश है कि नियमों से खिलवाड़ करने वालों पर आगे भी ऐसी ही कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।