मध्य प्रदेश के मुरैना में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिस्मिल नगर स्थित एक मकान से 45 पेटी शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि कथित मुख्य आरोपी हरेंद्र कंसाना फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, बिस्मिल नगर इलाके में एक मकान से अवैध रूप से शराब बेचने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने टीम गठित कर संबंधित मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को वहां से 45 पेटी अवैध शराब मिली। पुलिस ने शराब जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई के दौरान कथित मुख्य आरोपी हरेंद्र कंसाना मौके से फरार हो गया। वहीं, पुलिस ने मकान पर शराब बेच रहे उसके साले को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ कर अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों को बेचा जाना था। साथ ही, इस कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पढ़ें: 52 हाथियों के दल से गांव में दहशत: स्कूल-हॉस्टल खाली, ग्रामीण छत पर सोने को मजबूर, किसानों के फसल बर्बाद
सिविल लाइन थाना पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल, फरार आरोपी हरेंद्र कंसाना की तलाश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद शराब की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी मिल सकेगी।