विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार सुबह 4 बजे हुई भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का पंचामृत पूजन-अभिषेक कर आकर्षक श्रृंगार किया गया। नवरात्रि की प्रतिपदा पर बाबा महाकाल का भांग से विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद उन्हें भस्म रमाई गई। बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस दौरान मंदिर परिसर जय श्री महाकाल के उद्घोष से गूंज उठा।
श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि अश्विन शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा पर बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। भस्म आरती के लिए रविवार सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलते ही पंडे-पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी प्रतिमाओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया।
पढ़ें: मैहर में मां शारदा के दर्शन के लिए प्रशासन मुस्तैद: मांस-मछली की बिक्री बंद, 650 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा
इसके बाद प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद बाबा महाकाल को चांदी का मुकुट और मुंडमाला धारण कराई गई। नवरात्रि की प्रतिपदा के अवसर पर बाबा महाकाल का भांग से विशेष श्रृंगार किया गया। इस दौरान उन्हें चांदी का त्रिपुंड, चंद्रमा, बेलपत्र और मुंडमाला धारण कराई गई।
भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और भक्ति में लीन होकर जय श्री महाकाल का उद्घोष किया। मान्यता है कि भस्म अर्पित करने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में दर्शन देते हैं।
महाकाल मंदिर में आरतियों का समय
-
भस्म आरती: सुबह 4:00 से 6:00 बजे तक
-
दध्योदक आरती: सुबह 7:00 से 7:45 बजे तक
-
भोग आरती: सुबह 10:00 से 10:45 बजे तक
-
संध्या पूजन: शाम 5:00 से 5:45 बजे तक
-
संध्या आरती: शाम 7:00 से 7:45 बजे तक
-
शयन आरती: रात 10:30 से 11:00 बजे तक
महाकालेश्वर मंदिर में आरतियों का संशोधित समय आश्विन मास की पूर्णिमा यानी शरद पूर्णिमा तक प्रभावी रहेगा।
महाकालेश्वर मंदिर हेल्पलाइन नंबर
मंदिर से संबंधित जानकारी के लिए श्रद्धालु टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18002331008 पर संपर्क कर सकते हैं। महाकाल दर्शन, आरती, पूजन और दान सहित अन्य जानकारियां 24 घंटे इन नंबरों पर प्राप्त की जा सकती हैं:
0734-2559272, 0734-2559275, 0734-2559276, 0734-2559277