सूर्य उपासना और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मध्य प्रदेश के खंडवा में तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर निगम की ओर से गणगौर घाट पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में महापौर अमृता अमर यादव ने घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शनिवार देर शाम गणगौर घाट का निरीक्षण करने पहुंचीं महापौर अमृता यादव ने बताया कि व्रती महिलाओं की सुविधा के लिए घाट पर चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। इसके अलावा साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को पानी में डूबी सीढ़ियों पर जमी काई साफ करने और व्रती महिलाओं की सुरक्षा के लिए घाट पर लगी चेन की वेल्डिंग कर उसे मजबूत करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि तैयारियों में जो भी छोटी-मोटी कमियां हैं, उन्हें पूजा से पहले दूर कर लिया जाएगा।
पढ़ें: दो मासूम बच्चों के साथ मां ने कुएं में लगाई छलांग, तीनों की मौत; कोहराम
इधर, छठ पूजन समिति के सदस्य प्रशांत शर्मा ने बताया कि खंडवा में करीब 100 परिवारों के 1000 से 1500 लोग गणगौर घाट पर छठ पूजा करने पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए समिति ने नगर निगम से घाट पर स्थायी लाइट लगाने, शेष हिस्से में फर्श का कांक्रीटीकरण करने और घाट का करीब 100 मीटर तक चौड़ीकरण करने की मांग की है।
छठ पर्व के अनुष्ठानों की जानकारी देते हुए प्रशांत शर्मा ने बताया कि शनिवार को घरों में खरना का प्रसाद तैयार किया जा रहा है। इसमें रोटी और गुड़ की खीर बनाई जाती है। शाम को व्रती महिलाएं डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी, जबकि अगले दिन सुबह उगते सूर्य को गाय के दूध से अर्घ्य दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूजा के लिए कुछ विशेष सामग्री और गंगाजल उत्तर प्रदेश और बिहार से मंगवाए गए हैं।
प्रशांत शर्मा ने बताया कि गणगौर घाट की खास पहचान यहां होने वाला सांस्कृतिक संगम है। यहां निमाड़ का प्रसिद्ध गणगौर पर्व भी भव्यता से मनाया जाता है। अब उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख पर्व छठ को भी इसी घाट पर उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। महापौर ने इसे भारत की सांस्कृतिक खूबसूरती बताते हुए कहा कि अलग-अलग राज्यों के पर्व यहां एकजुटता के साथ मनाए जाते हैं और इनमें शहर के सभी वर्गों की भागीदारी रहती है। गणगौर घाट पर छठ पर्व को लेकर नगर निगम की तैयारियां अब अंतिम दौर में हैं। श्रद्धालु भी सूर्य उपासना के इस महापर्व को उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाने के लिए तैयार हैं।