मध्य प्रदेश के खंडवा में अवैध शराब बिक्री, अवैध अहातों और शराब परोसने वाले रेस्टोरेंट के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। बीते तीन दिनों में प्रशासन चार अवैध अहातों पर कार्रवाई कर चुका है। गुरुवार शाम शहर के पदमनगर थाना क्षेत्र में एक शराब दुकान के पीछे अवैध रूप से संचालित रेस्टोरेंटनुमा अहाते को सील कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, शराब दुकान की आड़ में संचालक द्वारा लोगों को बैठाकर शराब परोसी जा रही थी। इसकी सूचना मिलने पर राजस्व विभाग, पुलिस और आबकारी विभाग का संयुक्त दल मौके पर पहुंचा। जांच के बाद अवैध रूप से संचालित अहाते को बंद कर सील कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में अवैध रूप से शराब का कारोबार करने वाले लोग अपनी गतिविधियां बंद कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें: सांदीपनि आश्रम में तैयारी; मोर पंखी पोशाक में सजेगा श्रीकृष्ण दरबार
सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग सिंह बहादुर ने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है। प्रशासन को इंदौर रोड स्थित अशोक टॉकीज के पास एक शराब दुकान के पीछे बने रेस्टोरेंट में अवैध रूप से शराब परोसे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद मौके पर पहुंचकर रेस्टोरेंट को सील कर दिया गया।
उन्होंने लोगों से अपील की कि शासन और प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करें। किसी भी स्थिति में अवैध रूप से संचालित अहातों में शराब न परोसी जाए और आमजन भी ऐसे स्थानों पर जाकर शराब का सेवन न करें।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि जिला प्रशासन अब तक चार अवैध अहातों पर कार्रवाई कर चुका है। कुछ शराब दुकान संचालकों को पहले ही इस संबंध में सूचना दी गई थी, जिसके बाद कई दुकानों के पास बने अवैध अहाते संचालकों ने स्वयं हटा लिए हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि बाकी लोग भी इन्हें हटा लेंगे। ऐसा नहीं करने पर प्रशासन सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा।