जिले के पारा क्षेत्र के ग्राम रातीमाली में करीब डेढ़ माह पहले हुई 50 लाख रुपये से अधिक की बड़ी चोरी के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात में शामिल सात बदमाशों में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। वहीं चोरी की वारदात में शामिल पांच अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रातीमाली, राजगढ़ रोड पारा निवासी ईश्वर दलसिंह रावत के घर में 4-5 जुलाई की दरमियानी रात चोरी हुई थी। रात करीब डेढ़ बजे से सुबह 4 बजे के बीच अज्ञात बदमाश घर में घुसे और नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषण सहित 50 लाख रुपय़े से अधिक का सामान चोरी कर फरार हो गए थे। घटना के बाद पारा पुलिस चौकी में प्रकरण दर्ज किया गया था। पीड़ित परिवार ने पुलिस को घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी उपलब्ध कराए थे। चोरी की बड़ी वारदात का लंबे समय तक खुलासा नहीं होने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी थी। पारा और रातीमाली के नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की थी। लोगों ने कार्रवाई नहीं होने पर नगर बंद सहित शांतिपूर्ण आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।
ये भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर सीएम का मोहन बड़ा तोहफा, लाड़ली बहनों के खाते में आज आएंगे 1750 रुपये
इसी बीच पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने राकेश पुत्र पिरम अलावा निवासी बगोली (टांडा) और धनसिंह उर्फ धनिया पुत्र बनसिंह अलावा निवासी काकड़वा (टांडा) को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात बताई। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी की वारदात में कुल सात बदमाश शामिल थे। सभी आरोपी दो मोटरसाइकिलों से पारा पहुंचे थे। वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने अपनी दोनों मोटरसाइकिलें एक स्थान पर छिपा दीं और इसके बाद रातीमाली पहुंचकर ताला लगे मकान को निशाना बनाया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन, दो मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां, कान के टॉप्स के दो जोड़, चांदी की अंगूठी, पायजेब तथा चार जोड़ बिछुड़ियां सहित करीब छह लाख रुपये कीमत के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस अब चोरी गए शेष सामान की बरामदगी और वारदात में शामिल पांच अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
पारा चौकी प्रभारी पल्लवी भाभर ने बताया कि दो बदमाशों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया गया है। शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई में टांडा पुलिस का सहयोग रहा। 50 लाख रुपये से अधिक की चोरी के मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी और करीब छह लाख रुपये के आभूषणों की बरामदगी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। हालांकि मामले का पूरा खुलासा अभी बाकी है, क्योंकि पांच अन्य आरोपित फरार हैं और चोरी गए सामान का बड़ा हिस्सा बरामद होना शेष है। पुलिस की आगामी कार्रवाई से वारदात में शामिल अन्य आरोपितों और चोरी के बाकी माल के संबंध में भी अहम जानकारी सामने आने की उम्मीद है।