आलीराजपुर जिले के जोबट नगर में सामने आए कथित लव जिहाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में हिंदू संगठनों और स्थानीय समाज ने बुधवार को जोबट बंद का आह्वान किया, जिसका आज व्यापक असर देखने को मिला। सुबह से ही नगर के सभी प्रमुख बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान, होटल, दुकानों और थोक मंडियों ने अपने शटर बंद रखकर विरोध में भागीदारी दर्ज की।
स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों का कहना है कि युवती के साथ हुई घटना बेहद गंभीर है और आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। समाज ने प्रशासन पर देरी का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जाती, तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती। स्थानीय व्यापार संघों और दुकानदारों ने भी अपने प्रतिष्ठान बंद कर हिंदू संगठनों के इस विरोध का समर्थन किया।
ये भी पढ़ें- नानी ने पांच हजार रुपये नहीं दिए तो युवक ने लगा ली फांसी, माता-पिता का हो चुका है निधन
जोबट में दुष्कर्म की घटना के बाद हिंदू समाज के लोगों में खासा गुस्सा देखने को मिला हिंदू समाज के लोगों के द्वारा नगर में बुलडोजर लेकर रैली निकाली गई। इसमें पूरे रास्ते भर जय श्री राम के नारे सुनाई दिए। सकल हिंदू समाज और आदिवासी विकास मंच के बैनर तले समस्त हिंदू समाज रैली के माध्यम से संपूर्ण नगर से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंचा और वहां पर तहसीलदार को राज्यपाल के नाम आरोपियों पर जल्द से जल्द कठोर कार्रवाई करने एवं उनके अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। मामले में जोबट एसडीएम वीरेंद्र सिंह का कहना है कि हिंदू समाज द्वारा हमें ज्ञापन प्राप्त हुआ है। समाज द्वारा जो मांग की गई है, वह हमारे स्तर की होगी तो उसे पूर्ण करेंगे। सुप्रीम कोर्ट का आदेश है 295 का उसके तारतम्य में ही कार्रवाई की जा सकती है।
बता दें कि घटना सोमवार की है, जोबट नगर में एक युवती को मजदूरी दिलाने का झांसा देकर उसके साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत करने और 'लव जिहाद' के तहत फंसाने का मामला सामने आया था। पुलिस ने इस मामले में देर शाम तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। इसके बाद रात में महिला ने परिजनों को अपने साथ दुष्कर्म होने की घटना के बारे में बताया। साथ ही अपने साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि भी की थी। इसके बाद से आरोपी को सजा दिलाने के लिए स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में आक्रोश देखा जा रहा है। विरोध में बुधवार नगर को बंद रखा गया है। बुलडोजर एक्शन की मांग की गई।