जिले के डबरा अनुभाग के पिछोर थाना क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक बदमाशों द्वारा एक युवक के अपहरण और उसके साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने युवक से एक लाख रुपए की फिरौती मांगी। घटना की सूचना पुलिस को मिलने की भनक लगते ही आरोपी युवक को छोड़कर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मामला पिछोर थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव का है। यहां खेत पर काम कर रहे युवक रंजीत जाट को कुछ हथियारबंद बदमाशों ने कथित तौर पर जबरन गाड़ी में बैठाकर उसका अपहरण कर लिया। आरोप है कि बदमाश युवक को अपने साथ ले गए और रास्ते में उसके साथ जमकर मारपीट की।
पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने युवक के साथ देशी कट्टे की बट और डंडों से मारपीट की। मारपीट में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है। इसके अलावा उसकी आंख और चेहरे पर भी चोटें लगी हैं। इस दौरान बदमाशों द्वारा युवक से कथित तौर पर एक लाख रुपए की फिरौती भी मांगी गई।
ये भी पढ़ें: एमपी: भोपाल में कार्बाइड गन बैन! पुलिस आयुक्त ने जारी किए आदेश, पिछले साल 186 लोगों की आंखों में लगी थी चोट
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के आने की जानकारी मिलते ही आरोपी युवक को छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद परिजन गंभीर घायल अवस्था में रंजीत को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
घटना की शिकायत मिलने के बाद पिछोर थाना पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, अपहरण, बलवा और जान से मारने की धमकी सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
डबरा एसडीओपी सौरभ कुमार के मुताबिक युवक के चाचा का आरोपियों से पहले विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद आरोपियों ने युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की। पुलिस के आने की सूचना मिलने पर आरोपी युवक को छोड़कर भाग गए। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।