दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। नोहटा थाना क्षेत्र के झिन्ना गांव के पास रविवार देर रात दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारों में सवार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और चारों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन घायलों का उपचार जारी है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय शिवम पिता संजय रजक निवासी रहली, जिला सागर के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गई।
ये भी पढें- एमपी में काल बनी अमावस की रात: सिवनी और कटनी में दो घरों में आग लगने से 12 की मौत, पटाखों के शोर में दबी चीखें
ससुराल से विवाद का फोन आने के बाद बढ़ाई थी कार की रफ्तार
हादसे में घायल शिवम के साथी देवेंद्र लोधी ने बताया कि वे चार लोग कार से जबलपुर जा रहे थे। कार शिवम रजक चला रहा था। इसी दौरान शिवम की ससुराल से फोन आया कि उसके साले के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया है। फोन पर विवाद की जानकारी मिलने के बाद शिवम ने कार की रफ्तार बढ़ा दी।
देवेंद्र के मुताबिक, साथियों ने शिवम को कार धीमी गति से चलाने और सावधानी बरतने की सलाह भी दी, लेकिन उसने रफ्तार कम नहीं की। कुछ दूरी आगे जाने पर सामने से आ रही दूसरी कार से उनकी कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद कार में सवार सभी लोग बेहोश हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में होश आया।
एंबुलेंस से चारों घायलों को पहुंचाया अस्पताल
एनएचएआई एंबुलेंस कर्मचारी चंद्रभान लोधी ने बताया कि उन्हें अभाना के झिन्ना के पास दो कारों की भिड़ंत होने की सूचना मिली थी। सूचना पर एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे और वहां से विष्णु राय (25), रमेश राय, बाबू पटेल और शिवम रजक को जिला अस्पताल पहुंचाया।
मॉर्चरी में रखवाया शव, सोमवार को होगा पोस्टमार्टम
जिला अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर मधु जैन ने बताया कि हादसे में घायल चार लोगों को अस्पताल लाया गया था। परीक्षण के दौरान शिवम रजक को मृत घोषित कर दिया गया। उनका शव अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। अन्य तीन घायलों का उपचार जारी है। इधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद नोहटा थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और दोनों वाहनों की परिस्थितियों की जांच कर रही है।