{"_id":"6afab55d19210aefb30ef371","slug":"video-solan-water-crisis-urban-congress-protest-municipal-corporation-2026-11-16","type":"video","status":"publish","title_hn":"सोलन में पेयजल किल्लत पर शहरी कांग्रेस का प्रदर्शन, मेयर से मिले पदाधिकारी; 3 से 4 दिन में पानी देने का मिला आश्वासन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सोलन में पेयजल किल्लत पर शहरी कांग्रेस का प्रदर्शन, मेयर से मिले पदाधिकारी; 3 से 4 दिन में पानी देने का मिला आश्वासन
Ankesh Dogra
Updated Mon, 16 Nov 2026 01:18 PM IST
Link Copied
शहर में लगातार बनी पेयजल किल्लत को लेकर शहरी कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहरी कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन कर शहर में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने नगर निगम की महापौर सुषमा शर्मा से मुलाकात कर लोगों को पेश आ रही समस्याओं से अवगत करवाया।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि शहर के कई वार्डों में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। लोगों को छह से सात दिन के अंतराल के बाद पानी मिल रहा है। इसके अलावा रात के समय पेयजल वितरण किए जाने से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है, जिसे जल्द दुरुस्त किया जाना चाहिए।
शहरी कांग्रेस के पदाधिकारियों ने महापौर के समक्ष मांग रखी कि शहर में पेयजल वितरण की व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए। रात के बजाय लोगों की सुविधा के अनुसार पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए, ताकि परिवारों को पानी जमा करने में परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि नगर निगम को सभी वार्डों में नियमित अंतराल पर पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस अपना आंदोलन और तेज करने के लिए मजबूर होगी।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने वार्डों में विकास कार्य प्रभावित होने का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में जरूरी विकास कार्य करवाने के लिए पर्याप्त बजट नहीं मिल रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर विकास से जुड़े काम प्रभावित हो रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि वार्डों की जरूरतों के अनुसार पार्षदों को बजट उपलब्ध करवाया जाए, ताकि लंबित विकास कार्यों को गति मिल सके।
महापौर सुषमा शर्मा ने कांग्रेस पदाधिकारियों की मांगों को सुनते हुए आश्वासन दिया कि पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्या को जल्द दूर करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोगों को तीन से चार दिन के भीतर पानी उपलब्ध करवाने की व्यवस्था शुरू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
अब शहरवासियों को नगर निगम प्रशासन के स्तर पर होने वाली कार्रवाई का इंतजार है। देखना होगा कि पेयजल आपूर्ति में सुधार और वार्डों के विकास कार्यों के लिए बजट उपलब्ध करवाने की मांग पर कितनी जल्दी अमल होता है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।