{"_id":"6acc78ac0c3cddf4fd0b3515","slug":"video-priya-thakur-himachal-400m-gold-inter-university-bronze-senior-national-2026-10-12","type":"video","status":"publish","title_hn":"हिमाचल की प्रिया ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर पर चमकाया नाम, इंटर यूनिवर्सिटी में सोना तो सीनियर नेशनल में जीता कांस्य","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल की प्रिया ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर पर चमकाया नाम, इंटर यूनिवर्सिटी में सोना तो सीनियर नेशनल में जीता कांस्य
Ankesh Dogra
Updated Mon, 12 Oct 2026 11:35 AM IST
Link Copied
हिमाचल प्रदेश की एथलीट प्रिया ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 400 मीटर दौड़ में लगातार दो राष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल कर उन्होंने प्रदेश का मान बढ़ाया है। जनवरी में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद प्रिया ने अब दिल्ली में आयोजित सीनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम किया है।
इस उपलब्धि के बाद हमीरपुर पहुंचने पर प्रिया ठाकुर और उनके कोच अनिल शर्मा का सैकड़ों खिलाड़ियों ने भव्य स्वागत किया। हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष नरेंद्र अत्री की अगुवाई में आयोजित स्वागत समारोह में प्रिया की सफलता का जश्न मनाया गया। उन्हें और उनके कोच को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ खिलाड़ियों ने प्रिया को 11 हजार रुपये की सम्मान राशि भी भेंट की। खिलाड़ियों ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई और उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रिया ठाकुर कांगड़ा जिले के सियोरबला गांव की रहने वाली हैं। वह सुजानपुर उपमंडल के भलेठ क्षेत्र के निकटवर्ती गांव से संबंध रखती हैं। सिंथेटिक ट्रैक पर पिछले एक दशक से अभ्यास कर रहीं प्रिया की इन उपलब्धियों को उनके और कोच अनिल शर्मा की लगातार मेहनत का परिणाम बताया गया।
स्वागत समारोह में नरेंद्र अत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के कार्यकाल में खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में तीन प्रतिशत आरक्षण देने की नीति से प्रदेश के कई खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि प्रिया के कोच अनिल शर्मा भी इसी व्यवस्था के तहत सरकारी क्षेत्र में सेवाएं दे रहे खिलाड़ियों में शामिल हैं।
अत्री ने कहा कि धर्मशाला और हमीरपुर में बने सिंथेटिक ट्रैक पर अभ्यास कर प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। उन्होंने पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि हमीरपुर स्थित राष्ट्रीय खेल उत्कृष्टता केंद्र में खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं मिली हैं।
प्रिया की लगातार दो राष्ट्रीय उपलब्धियों से क्षेत्र के खिलाड़ियों में उत्साह है। अब उनसे आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।