{"_id":"6ab2398f1d7abf84040ac416","slug":"video-hamirpur-sangroh-cooperative-society-shareholders-complaint-fd-rd-payment-2026-09-22","type":"video","status":"publish","title_hn":"हमीरपुर की संगरोह सहकारी सभा में मिच्योरिटी के बाद भी नहीं मिला पैसा, शेयरधारक पहुंचे एआर कार्यालय","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हमीरपुर की संगरोह सहकारी सभा में मिच्योरिटी के बाद भी नहीं मिला पैसा, शेयरधारक पहुंचे एआर कार्यालय
Ankesh Dogra
Updated Tue, 22 Sep 2026 01:47 PM IST
Link Copied
कथित फर्जी ऋण आवंटन और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर जांच के दायरे में चल रही कृषि सहकारी सभा संगरोह में अब मिच्योरिटी के बाद भी एफडी-आरडी की राशि का भुगतान नहीं होने का मामला सामने आया है। मंगलवार को पांच शेयरधारक सहायक पंजीयक, सहकारिता विभाग के कार्यालय पहुंचे और अपनी जमा राशि वापस नहीं मिलने की शिकायत दी।
शेयरधारकों का कहना है कि सभा में उनकी बड़ी राशि एफडी और आरडी के रूप में जमा है। संबंधित जमा की मियाद पूरी होने के बाद भी उन्हें भुगतान नहीं किया जा रहा है। इसी समस्या को लेकर उन्होंने विभाग के समक्ष अपनी शिकायत रखी और मामले में कार्रवाई की मांग की।
सहायक पंजीयक रवि कुमार के अनुसार कुछ शेयरधारक मंगलवार को कार्यालय पहुंचे थे और उन्होंने पैसा वापस नहीं मिलने की शिकायत दी है। विभाग की ओर से इस मामले में की गई कार्रवाई के बारे में उन्हें जानकारी दी गई है।
संगरोह सभा की प्रबंधन कमेटी को लेकर भी स्थिति में बदलाव आया है। सात सदस्यीय कमेटी के दो सदस्यों ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। इससे अब कमेटी में चार सदस्य हो गए हैं।
सहकारिता विभाग के अनुसार चार सदस्यों के होने पर कमेटी प्रधान और उपप्रधान का चुनाव करवाने में सक्षम है। इसी वजह से फिलहाल सभा में प्रशासक नियुक्त करने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
इससे पहले कमेटी ने सामूहिक इस्तीफा देते हुए विभाग पर सभा का ऑडिट नहीं करवाने समेत कई आरोप लगाए थे। सहकारिता विभाग ने इन आरोपों को आधारहीन बताया है। विभाग का कहना है कि कमेटी को समय-समय पर ऑडिट करवाने और जरूरी रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए थे।
संगरोह सभा में कथित फर्जी ऋण आवंटन और वित्तीय अनियमितताओं की जांच पहले से चल रही है। सहकारिता विभाग धारा 69(2) के तहत मामले की जांच कर रहा है। विभागीय जांच में 10 बिंदुओं पर खामियां सामने आने की बात कही गई है।
जांच अधिकारी ने 18 मार्च 2025 को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। इसके बाद कमेटी को पूर्व सचिव के खिलाफ कार्रवाई करने और कथित गबन व धोखाधड़ी के पहलुओं की पुलिस जांच के लिए शिकायत करने के निर्देश दिए गए थे।
मामले की जांच पिछले करीब डेढ़ से दो साल से चल रही है। तत्कालीन सहायक पंजीयक वीना धीमान के सेवानिवृत्त होने के बाद अब सहायक पंजीयक रवि कुमार इस मामले को देख रहे हैं।
वहीं, मामले में विजिलेंस की जांच भी चल रही है। भोरंज थाना में एक निवेशक की शिकायत पर मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा चेक बाउंस से जुड़े मामले अदालत और उपभोक्ता अदालत तक पहुंच चुके हैं।
ऐसे में एक ओर सभा की वित्तीय अनियमितताओं की जांच जारी है, तो दूसरी ओर मिच्योरिटी के बाद जमा राशि नहीं मिलने की शिकायतों ने शेयरधारकों की चिंता बढ़ा दी है। अब विभाग की कार्रवाई और जांच के अगले चरण पर सभी की नजर है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।