धमतरी शहर में गुजराती समाज की ओर से संत जलाराम बापा की 227वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज की बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान महिलाओं और पुरुषों ने गरबा कर उत्सव की खुशियां मनाईं।
जयंती समारोह की शुरुआत सुबह प्रभातफेरी से हुई। प्रभातफेरी शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए समाज भवन पहुंची। इसके बाद समाज भवन में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। शाम को संत जलाराम बापा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा का जगह-जगह विभिन्न समाज संगठनों की ओर से स्वागत किया गया।
गुजराती समाज के पूर्व अध्यक्ष दिनेश अंबानी ने बताया कि संत जलाराम बापा की 227वीं जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह प्रभातफेरी निकाली गई, जबकि शाम को शोभायात्रा का आयोजन हुआ। इसके बाद भव्य महाआरती और प्रसादी वितरण किया गया। जयंती को लेकर समाज के लोगों में काफी उत्साह है।
समाज की कनक शाह ने बताया कि सभी समाजजन मिल-जुलकर उत्साह के साथ जयंती मना रहे हैं। सुबह प्रभातफेरी, दोपहर में सामूहिक भोजन और शाम को शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जलाराम बापा संत शिरोमणि थे। उन्होंने संत होते हुए भी लोगों की तकलीफों को दूर करने और जरूरतमंदों की सेवा करने का काम किया। आज समाज के लोग उन्हें भगवान के रूप में पूजते हैं।
कौन थे संत जलाराम बापा
संत जलाराम बापा का जन्म वर्ष 1799 में गुजरात के वीरपुर में हुआ था। वे भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त माने जाते हैं। बचपन से ही उनका झुकाव धार्मिक गतिविधियों और जरूरतमंदों की सहायता करने की ओर था। उन्होंने अपना पूरा जीवन भक्ति, सादगी और परोपकार के कार्यों के लिए समर्पित कर दिया। उनके विचारों में मानव सेवा को विशेष स्थान प्राप्त था।
ऐसे मनाई जाती है जलाराम बापा की जयंती
जलाराम बापा की जयंती पर भक्त सुबह स्नान के बाद उनकी तस्वीर या प्रतिमा के सामने दीपक जलाकर पूजा-अर्चना करते हैं। मंदिरों में भजन-कीर्तन, आरती और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस अवसर पर श्रद्धालु अन्नदान, भोजन वितरण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे सेवा कार्यों में भी हिस्सा लेते हैं। इस तरह जलाराम जयंती भक्ति के साथ मानवता और परोपकार का संदेश देती है।