Varanasi Top News: काशी में कल बंद रहेंगे कई स्कूल, देह व्यापार में 17 के खिलाफ केस समेत पढ़ें प्रमुख खबरें
Varanasi Crime News: वाराणसी जिले में बुधवार को कई खबरें सुर्खियों में बनी रहीं। इनमें वीवीआईपी मूवमेंट और भीड़भाड़ के चलते वाराणसी के कुछ निजी स्कूलों के बंद होने के साथ ही क्राइम की कई खबरें चर्चा में रहीं।
विस्तार
शहर में वीवीआईपी मूवमेंट और भीड़भाड़ को देखते हुए कई प्राइवेट स्कूल बृहस्पतिवार को बंद रहेंगे। सभी कक्षाएं ऑनलाइन चलेंगी। स्कूलों के ओर से अभिभावकों के मोबाइल पर मैसेज भेजे जा रहे हैं। जिसमें बच्चों को स्कूल न आकर ऑनलाइन जुड़ने के लिए कहा जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस तरह का कोई आदेश नहीं है। स्कूल अपने सहूलियत के हिसाब से ऑनलाइन क्लास चला रहे होंगे।
देह व्यापार में नौ महिलाओं समेत 17 के खिलाफ केस दर्ज
वाराणसी जिले के चितईपुर थाना क्षेत्र के हैदराबाद गेट के पास एसएस पैलेस होटल में देह व्यापार के आरोप में 9 महिलाओं समेत 17 के खिलाफ एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार की तहरीर पर बुधवार को चितईपुर थाने में केस दर्ज किया गया। आरोपी महिलाएं उत्तराखंड, झारखंड, बिहार, असम, पश्चिम बंगाल और लखनऊ की रहने वाली हैं।
एसीपी भेलूपुर ने बताया कि इंदिरा नगर निवासी मकान मालिक राकेश मिश्रा, सैयदराजा निवासी दिनेश चौहान, कौशांबी के नेवादा निवासी नितिन अग्रहरी, मिर्जापुर के भरोना निवासी अंकित चौहान, भक्तिनगर पांडेयपुर निवासी सिद्धार्थ सिंह, अयोध्या के बहोरीपुर निवासी दीपक, गाजीपुर के सुहवल निवासी रोहित कुमार, बिहार गया के बरसौना निवासी रामाशीष कुमार पर केस दर्ज किया गया है।
इसे भी पढ़ें; Cyber Crime: टेलीग्राम पर निवेश का लिंक भेजकर निवेशक से 13 लाख की ठगी, साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज
सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की मौत
लोहता थाना क्षेत्र के कौरोती में चार सितंबर को बाइक के धक्के से घायल बुजुर्ग नंगू राम यादव की मंगलवार रात बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। वाहन चालक के खिलाफ लोहता थाने में केस दर्ज किया गया है। कोरौती निवासी बेटे जवाहर यादव ने पुलिस को बताया कि रात में पिता घर के बाहर खड़े थे, तभी बाइक सवार ने उन्हें धक्का मार दिया। पांच दिन बाद पिता की मौत हो गई। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
कोचिंग के निदेशक की कार में थार ने मारी टक्कर, केस दर्ज
दुर्गाकुंड कबीर नगर में एलवन कोचिंग के निदेशक बृजेश कुमार सिंह की कार में अनियंत्रित थार ने टक्कर मार दी। 28 अगस्त की घटना के बाबत निदेशक ने बुधवार को थार सवार तीन युवकों के खिलाफ भेलूपुर थाने में केस दर्ज कराया। दुर्गाकुंड के चित्रकूट अपार्टमेंट निवासी बृजेश ने पुलिस को बताया कि कोचिंग पहुंचकर वह कार खड़ी कर रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित थार ने टक्कर मार दी। थार में सवार दो युवक भाग निकले। चालक नशे की हालत में था। लोगों ने उसे पकड़कर दुर्गाकुंड पुलिस चौकी को सौंपा। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर थार को सीज किया गया है।
रागिनी राय की जगह सोनी को किया पास, मांगा जवाब
सारनाथ के बीएस इंटर कॉलेज में हाईस्कूल परीक्षा 2025 का रिजल्ट बनाने में लापरवाही सामने आई है। छात्रा रागिनी राय के रिजल्ट पर किसी दूसरी छात्रा रागिनी सोनी का नाम प्रिंट कर दिया गया। इससे छात्रा रागिनी राय फेल हो गई। इसमें लिपिक की लापरवाही बताई गई। माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के अपर सचिव ने इस मामले में प्रधानाचार्य से जवाब मांगा है। जिसमें हाईस्कूल-2025 के सभी परीक्षार्थियों के त्रैमासिक अंकों की प्रमाणित प्रति, आंतरिक मूल्यांकन अंकों को वेबसाइट पर अपलोड करने की विधि और तिथि, अंकों को अपलोड करने का काम किसकी देखरेख में हुआ। उसके विरुद्ध क्या कार्रवाई की गई, इन सभी बिंदुओं पर जवाब मांगा गया है।
सफाई और छुट्टा पशुओं को हटाने के लिए लगे 8 हजार कर्मचारी
मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम काशी आ चुके हैं जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार को आएंगे। इन दोनों के काशी दौरे को ध्यान में रखकर नगर निगम ने पूरी ताकत झोंक दी है। आठ हजार कर्मचारी और अधिकारियों को लगाया है। इनमें पांच हजार सफाई कर्मचारी पूरे रूट पर लगाए गए हैं। इनके अलावा दस कुत्ता और गाय पकड़ने वालों की टीम है। इसकी एक-एक टीम में आठ से दस लोग हैं। जो रूट से छुट्टा पशुओं को हटा रहे हैं। इनके अलावा करीब 100 सीवर और जलकल की व्यवस्था के लिए लगे हैं। बैनर, पोस्टर हटवाने के लिए 100 लोगाें को लगाया गया है।
कार की टक्कर से बाइक सवार युवक और युवती घायल, तालाब में गई कार
चोलापुर थाना क्षेत्र के दशवतपुर बाजार में बुधवार दोपहर बेला-पहाड़िया मार्ग पर कार की टक्कर से बाइक सवार सोनू राजभर (32), आरती (22) और संपती (45) घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। चौबेपुर के मुनारी मंगरहुआ निवासी सोनू बाइक पर दोपहर में आरती और संपती को बैठाकर चोलापुर की ओर पहुंचे। लिंक मार्ग से एकाएक बेला पहाड़िया मार्ग पर मुड़ गए। इस बीच दशवतपुर बाजार में अचानक कार से टक्कर हो गई। पहाड़िया की ओर जा रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में चली गई। कार चालक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने घायल युवक, युवती को सीएचसी चोलापुर में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इसे भी पढ़ें; दर्दनाक हादसा: पानी से भरी बाल्टी में गिरने से दो साल की मासूम की मौत, बंधी में नहाते समय डूबा युवक
4 लाख का कैमरा चोरी, पर्यटक को हार्ट अटैक
काशी घूमने आए महाराष्ट्र के नासिक शहर से आए राहुल कुमार का 4 लाख का कैमरा बुधवार को अस्सी से चोरी हो गया। इस बीच ब्लड प्रेशर बढ़ने से उन्हें हार्ट अटैक आ गया। ऑटो चालक की मदद से उन्हें भेलूपुर के विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। विवेकानंद राजकीय अस्पताल की वरिष्ठ चिकित्सक रोहित सोनी ने बताया कि युवक को पहले से बीपी की समस्या थी। ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ने से उसे अटैक आया था। समय से अस्पताल पहुंचने पर उपचार कर उसे बचाया गया।
गाय बांधने को लेकर दिखाया तमंचा, खिड़की खोलने पर फावड़े से हमला
बड़ागांव थाना क्षेत्र के अलग-अलग चार गांवों में मंगलवार को मारपीट में तीन महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ केस दर्ज कराया है। रमईपट्टी निवासी शैलेंद्र सिंह को गांव के रोशन ने गाय बांधने को लेकर तमंचे से मारा। नवलपुर गांव में मकान की खिड़की खोलने का विरोध करने पर रमेश सिंह और बेटे आयुष पर फावड़ा से हमला किया गया। रमेश ने संतोष कुमार सिंह, शुभम कुमार और शिवानी पर केस दर्ज कराया। पुआरी कला गांव निवासी शशिकला तिवारी और उनकी सास की पड़ोसी गुड्डू प्रसाद, मोनू उर्फ चंचन कुमार, जंग बहादुर, करिश्मा और उर्मिला ने पिटाई कर दी। शशिकला ने केस दर्ज कराया। पलिया शंभुपुर गांव में मेढ़बंदी के विवाद को लेकर मारपीट हुई। रामसकल विश्वकर्मा, छोटेलाल, महेश पाल व राजकुमार ने गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सभी मामलों की जांच की जा रही है।
भांग नहीं देने पर ठेकेदार की पिटाई
चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरा कलां बाजार में भांग की दुकान के लाइसेंसी ठेकेदार राजेंद्र जायसवाल की मंगलवार को पिटाई कर दी गई। श्रीनगर कालोनी पहड़ियां निवासी राजेंद्र जायसवाल ने पुलिस को बताया कि सुजीत ने जबरन भांग की मांग की। मना करने पर गालीगलौज कर पिटाई की। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि धौरहरा पुरापर निवासी सुजीत राजभर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
रुपये लेनदेन को लेकर मारपीट, केस दर्ज
चितईपुर थाना क्षेत्र के लेन नंबर 1 आदित्यनगर निवासी राजेंद्र पटेल के बेटे आशीष पटेल और धर्मराज पटेल के साथ गालीगलौज और मारपीट में मनीष, आशीष और अनिल पटेल पर केस दर्ज किया गया है। आशीष पटेल ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात 8 बजे ईंट, पत्थर और लाठी से हमला किया गया। चितईपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
मां-बेटी की पिटाई में केस दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के नगवा रविदास पार्क के पास मकान रहने वाले युवक ने मां और बेटी की पिटाई कर दी। बेटे रवि यादव ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी लिलु यादव, गोलू यादव ने मां और बहन को गाली दी। विरोध करने पर मारा पीटा। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
कोर्ट के आदेश पर 6 माह बाद लूट और मारपीट का केस दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के डंगहरिया के नेशनल हाईवे पर प्रयागराज कुंभ मेले से लौटते समय कार और मैजिक की टक्कर के बाद मारपीट और लूट के मामले में कार सवारों ने कोर्ट के आदेश पर छह माह बाद केस दर्ज कराया। झारखंड के दूधीमाटी, कोडरमा निवासी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि कार से मां, पत्नी व बहन को लेकर प्रयागराज से लौट रहा था। 28 फरवरी को मैजिक से टक्कर हो गई, जिसमें 12 लोगों ने सभी को मारा पीटा। चाकू की नोक पर सोने की चेन छीन ली। मिर्जामुराद थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो कोर्ट की शरण ली। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद पांडेय ने बताया कि संतोष राय, पांचू राजभर, सचिन राय, राजाराम, अर्जुन राय, अमित कुमार निवासी राजपुर, चौबेपुर और गुंजन देवी निवासी चुनार (मिर्जापुर) के खिलाफ मारपीट और लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
तमंचा के साथ आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत सिंधोरा पुलिस ने बुधवार को 312 बोर तमंचा और एक कारतूस के साथ आरोपी मुकेश राजभर को भानपुर प्राथमिक विद्यालय के पास से गिरफ्तार किया। गोमती जोन डीसीपी आकाश पटेल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
किशोरी से छेड़खानी के दो आरोपियों को अग्रिम जमानत
विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) अजय कुमार की अदालत ने मारपीट और नाबालिग से छेड़खानी के दो आरोपियों संतु उर्फ संतराम व सुनील राजभर उर्फ कटारू की अग्रिम जमानत अर्जी मंजूर कर ली। रमरेपुर, पहड़िया (लालपुर-पांडेयपुर) निवासी आरोपियों को 50-50 हजार की दो जमानतें और बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया। वादिनी ने 14 जनवरी 2025 को लालपुर-पांडेयपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
जानलेवा हमले के चार बाल अपचारियों को जमानत
किशोर न्याय बोर्ड के प्रधान मजिस्ट्रेट सौरभ शुक्ला, त्र्यंबक नाथ और आरती सेठ की पीठ ने जानलेवा हमले के चार आरोपियों की जमानत मंजूर कर ली। बाल अपचारियों को पिता की सरंक्षण में 50-50 हजार की दो जमानतें और बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया।
युवती को अगवा करने का आरोप, केस दर्ज
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के जंगमबाड़ी की युवती को अगवा करने के मामले में पिता ने बुधवार को चंदन गिरी के खिलाफ केस दर्ज कराया। पिता ने पुलिस को बताया कि चंदन ने बेटी को शादी का झांसा देकर 3 सितंबर 2025 को अगवा किया। इससे पहले भी बेटी को पटना (बिहार) ले गया था। दशाश्वमेध थाना प्रभारी निरीक्षक विजयनाथ शुक्ला ने बताया कि केस दर्ज मामले की जांच की जा रही है।
गाड़ी का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी
लहरतारा चौराहे पर बुधवार दोपहर खड़ी चारपहिया वाहन की खिड़की का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी हो गया। लहरतारा के आनंद कुमार ने पुलिस को बताया कि कार खड़ी कर वह पास में ही कुछ काम से गए थे। जब लौटे तो देखा कि कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी कर लिया गया है। आनंद ने मंडुवाडीह थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी विजय राज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
रंजिश में राजगीर मिस्त्री पर हमला
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लेड़ूवाई गांव में मंगलवार को रंजिश में मनबढ़ों ने राजगीर मिस्त्री किशन पर हमला कर दिया। पीड़ित ने बुधवार को थाने में दो आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
कंपोजिट विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र में चोरी
राजातालाब थाना क्षेत्र में कंपोजिट विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र ढढोरपुर में मंगलवार रात चोरी हो गई। मौके से सिलिंडर, बर्तन, इनवर्टर, बैटरी चोरी हो गए। आंगनबाड़ी केंद्र से एलइडी टीवी चोरी कर ली गई। हेड मास्टर जीउत राम विश्वकर्मा ने पुलिस को सूचना दी। राजातालाब थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच की जा रही है।
37 ग्राम हेरोइन के साथ एक गिरफ्तार
पुलिस ने बुधवार को 37 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी आदित्य को गिरफ्तार किया। सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के खजुरी निवासी आदित्य को पंचक्रोशी रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया गया।
संपत्ति बंटवारे को लेकर मारपीट, केस दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में संपत्ति के बंटवारे को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। बुधवार को पीड़ित ने केस दर्ज कराया। पांडेयपुर निवासी शमशाद आलम ने पुलिस को बताया कि संपत्ति बंटवारे को लेकर मकान का वाद कोर्ट में है। रंजिश के चलते मोहल्ले के शकील, वकील, वसीम भंडार और वसील ने 3 सितंबर को जान से मारने की कोशिश की। लालपुर प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने तहरीर के आधार पर आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
वीडीए ने दो अवैध निर्माण सील किए
वीडीए की ओर से बुधवार को नगवां में दो अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया। शशि कुमार पाल की ओर से अमरा वार्ड में बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए 1100 वर्गफीट में व्यवसायिक निर्माण कराया जा रहा था। जिसे सील किया गया। रिंकू गुप्ता ने खुशीपुर में बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए 2700 वर्ग फिट में काम हो रहा था। जोनल अधिकारी संजीव कुमार, अवर अभियंता आदर्श निराला की अगुवाई में कार्रवाई की गई।
निजीकरण के विरोध में उपकेंद्रों पर कर्मचारियों का प्रदर्शन
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के प्रस्ताव को लेकर विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को कर्मचारियों ने उपकेंद्रों, बिजली कार्यालयों पर प्रदर्शन कर आवाज बुलंद की। निजीकरण से पहले वर्टिकल सिस्टम के नाम पर हजारों पदों को समाप्त करने का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों ने प्रस्ताव वापस लेने की मांग की। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले प्रदर्शन में मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने कहा कि पावर कारपोरेशन का शीर्ष प्रबंधन निजीकरण के नाम पर वर्टिकल सिस्टम लागू कर रहा है। इसके बहाने बिजली कर्मियों के हजारों पद समाप्त करने का प्रयास है। मुख्यमंत्री से मांग है कि वह इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करें। पद समाप्त करने और छंटनी की मार संविदा कर्मियों पर पड़ रही है। छह हजार पद समाप्त किए जा रहे हैं। इस दौरान ई. एसके सिंह, कृष्णालाल, संजय गौतम, बंशीलाल, जितेंद्र कुमार, पंकज यादव, नागेंद्र कुमार मौजूद रहे।
अवैध प्लॉटिंग का चिह्नित कर कराएं ध्वस्त: वीडीए
वीडीए के अपर सचिव डाॅ. गुडाकेश शर्मा ने बुधवार को वीडीए सभागार में बैठक की। शहर में हो रहे अनियोजित विकास और अवैध प्लॉटिंग के ध्वस्तीकरण के निर्देश दिए। लंबित शमन मानचित्रों के निस्तारण करने को कहा। स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश जोनल अधिकारी को दिए। सील मामलों की जांच और बेसमेंट खाली करवा कर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सचेत किया कि अधिकतम 1 सप्ताह में जनशिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। शिवपुर, सिकरौल में शमन शुल्क के मद में 59,22,424 रुपये जमा कराया गया। इस वित्तीय वर्ष में कुल शमन धनराशि 4,01,31,418 रुपये जमा कराई गई।
फुलवरिया में दो बार निगम ने हटवाया अतिक्रमण, फिर भी समस्या
फुलवरिया में नगर निगम ने दो बार सरकारी जमीन से कब्जा हटवाया है। बावजूद कुछ लोग अवैध तरीके से वाहन लगाते हैं। आए दिन नगर निगम को अभियान चलाना पड़ता है। सरकारी जमीन से लगातार कब्जा हटवाने की कार्रवाई की जा रही, लेकिन बार-बार लोग वाहन खड़ा कर रहे हैं। फुलवरिया का कुछ हिस्सा पहले पंचायत के अधीन था। जब इलाका नगर निगम में आया तो ग्राम समाज से हटकर वार्ड में बदल गया। ऐसी स्थिति में यहां की कई जमीनों पर कब्जे किया गया था। जिसे हटवाया गया। अधिकारियों ने कहा कि फुलवरिया में खाली कराई गई जमीन पर दोबारा प्लॉटिंग की सूचना मिलने पर जेसीबी से अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया गया था। कब्जा हटवाने का अभियान सितंबर में भी जारी रहेगा। जो दोबारा कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संस्कृत विश्वविद्यालय में ऑनलाइन हुआ 9 साल की पीएचडी का ब्योरा
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में पिछले 9 साल में कितने विद्यार्थियों ने शोध किया है, इसकी पूरी जानकारी अब एक क्लिक पर मिलेगी। विश्वविद्यालय की ओर से 2016 से 2024 तक शोध की उपाधि पाने वाले विद्यार्थियों का पूरा ब्योरा वेबसाइट पर अपलोड करवा दिया गया है। इसी तरह 2025 की जानकारी भी अपलोड करवाई जाएगी। में कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि धीरे धीरे छात्रों से जुड़ी अधिक से अधिक जानकारी को ऑनलाइन करने की तैयारी चल रही है। फिलहाल 9 साल में शोध करने वालों की जानकारी अपलोड करवा दी गई है। इससे छात्रों को भी बहुत राहत होगी।
एनईपी के तहत 105 शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण
कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन में बुधवार को 6 मंडलों के 105 शिक्षकों को नई शिक्षा नीति के तहत प्रशिक्षित किया गया। इसमें वाराणसी, आजमगढ़, मिर्जापुर, गोरखपुर, देवीपाटन और बस्ती मंडल के माध्यमिक शिक्षकों को शिक्षण कार्य के दौरान नैतिक मूल्यों के अनुपालन के तरीके बताए गए। साथ ही क्वालिटी एजुकेशन के टिप्स दिए गए। प्राचार्य अखिलेश पांडेय ने बताया कि प्रशिक्षण पाने वाले सभी शिक्षक अपने-अपने जिलों में शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। प्रशिक्षण के प्रारंभ में रीडर डॉ. रिचा जोशी ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिक्षक और विद्यार्थी दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. मनीष कुमार यादव ने सभी मुख्य अतिथियों, संस्थान सदस्यों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। डॉ. रवींद्रनाथ, अरुण और राजेश ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र बांटे। प्रशिक्षण सह प्रभारी निधि ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
व्यापारियों ने पीएम के नाम बधाई पत्र दिया
प्रधानमंत्री के आगमन से एक दिन पहले व्यापारियों ने उनके नाम संबोधित पत्रक भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि को सौंपा। महानगर उद्योग व्यापार समिति युवा मंच के अध्यक्ष सुजीत गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जीएसटी में छूट के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री का निर्णय उद्योग और व्यापार जगत के लिए अत्यंत राहतकारी है। इससे व्यापारियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। इस दौरान मोहित अग्रहरि, ज्ञानू गुप्ता, नीरज श्रीवास्तव, शैलेश सिंह, सत्यप्रकाश सर्राफ मौजूद रहे।
सेवायोजन कार्यालय में रोजगार मेला कल
चौकाघाट स्थित सेवायोजन कार्यालय में शुक्रवार को रोजगार मेला लगाया जाएगा। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि मेले में 4 कंपनियां शामिल होंगी। इसमें कर्नाटक की कैलिबर एचआर, डीएचपीसी, शिवशक्ति बायो टेक्नोलॉजी और ग्रीन टॉस कंपनियां अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। इस बार 110 युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
स्टेम लैब से छात्राओं को मिलेगी नई तकनीकों की जानकारी
मलदहिया स्थित पीएम श्री जीजीआईसी बालिका विद्यालय में प्लान इंडिया और मोगली ट्रस्ट के कॉम्प्रिहेंसिव स्कूल इंप्रूवमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत स्टेम लैब का उद्घाटन किया गया। इससे यहां की छात्राओं को विज्ञान की नई तकनीकों की जानकारी मिलेगी। इस लैब में छात्राएं नए-नए प्रयोग कर सकेंगी। मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह, प्रधानाचार्या निशा यादव और उप-प्रधानाचार्या अर्चना सिंह ने फीता काटकर लैब का शुभारंभ किया। इस मौके पर आभा जैन, प्रियंका यादव और अन्य शिक्षिकाएं, बाल संसद के सदस्य, प्लान इंडिया संस्था से प्रियंका सिन्हा, अनुराग श्रीवास्तव, रिया सिंह और संगीता ओझा मौजूद रहीं। स्टेम लैब के निर्माण में तकनीकी सहयोग के लिए स्टेम लर्निंग से सुमित और विपुल भी मौजूद रहे।
पीएम के जन्मदिन से पहले चलाया महासफाई अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और उनके जन्मदिन से पहले महासफाई अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने अपना दल एस कार्यकर्ताओं के साथ सुसुवाही वार्ड के ग्राम–टड़िया नुआंव के हनुमान मंदिर परिसर में झाड़ू लगाई। साथ ही लोगों को कूड़ा सही स्थान पर फेंकने और सफाई के लिए जागरूक किया। विधायक ने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, सूखे और गीले कूड़े को अलग-अलग डालने के बारे में लोगों को बताया। वहीं रोहनिया विधानसभा के कर्दमेश्वर मंडल के जलालीपट्टी में भाजपा जिलाध्यक्ष और एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने हनुमान मंदिर में सफाई की। मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने खजुरी वार्ड के पांडेयपुर चौराहा और यादव बस्ती में झाड़ू लगाई। पुलिस लाइन से ताज होटल तक पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिसमें मार्ग प्रकाश, अतिक्रमण, सड़कों की सफाई और हो रही सजावट को देखा। साथ ही कमियों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।