फरीदाबाद में सेक्टर-56ए के प्रतापगढ़ में बने डंपिंग यार्ड में जमा हो रहा कूड़ा आसपास रहने वाले हजारों लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। यहां हर दिन डंपरों में भरकर कचरा डाला जा रहा है। लगातार कचरा जमा होने से यार्ड में कूड़े का ढेर काफी बड़ा हो गया है। इससे उठने वाली बदबू के कारण लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे पिछले तीन साल से इस समस्या को झेल रहे हैं, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने संवाद कार्यक्रम में अपनी बात रखी और डंपिंग यार्ड को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की।