गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने आज जालौर जिले का दौरा किया और कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में "आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय" की नीति पर काम किया जा रहा है।
बैठक में मंत्री ने बताया कि पिछले एक वर्ष में संगठित अपराध, एनडीपीएस एक्ट और अवैध बजरी खनन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई है, जिससे अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए और पुलिस संसाधनों की किसी भी कमी को सरकार के संज्ञान में लाया जाए ताकि शीघ्र समाधान हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की निष्पक्षता और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मीडिया से बोले मंत्री, अपराधियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में गृह राज्य मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार में प्रभावशाली लोगों द्वारा अपराधियों को संरक्षण दिया जाता था, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पुलिस पूरी निष्पक्षता से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी पर भी लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे डोडा पोस्त और अफीम की अवैध खेती करने वालों पर शिकंजा कसा जा सके। इसके अलावा, पुलिस की कार्यशैली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नई भर्तियां भी की जा रही हैं।
फोन टैपिंग विवाद पर दी सफाई
फोन टैपिंग विवाद पर बोलते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने स्वयं स्पष्ट किया है कि उनकी फोन टैपिंग नहीं हुई है। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में इंदिरा गांधी से लेकर अशोक गहलोत तक असहमति रखने वालों के फोन टैप किए जाते रहे हैं, लेकिन वर्तमान सरकार में ऐसा कुछ नहीं हो रहा है।
गृह राज्य मंत्री के इस दौरे को लेकर जिले में कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक सक्रियता बढ़ी हुई नजर आई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए।