हैरिटेज निगम आयुक्त डॉ. निधि पटेल रविवार देर रात सफाई व्यवस्था का जायजा लेने अचानक शहर के कई हिस्सों में पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले वार्ड 49 का दौरा किया, जहां आमजन से सीधे सफाई व्यवस्था के बारे में पूछा और उनसे फीडबैक भी लिया।
हसनपुरा और हटवाड़ा रोड क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान नॉनवेज दुकानों और होटल संचालकों द्वारा सड़क पर किए गए अस्थाई अतिक्रमण और गंदगी देखकर आयुक्त भड़क उठीं। दुकानों के बाहर डस्टबिन नहीं मिलने और दूषित वातावरण में खाना बनता देख उन्होंने होटल संचालकों को कड़ी चेतावनी दी।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की प्रस्तावित सूची वायरल, गुटबाजी ने घोषणा में अड़ंगा डाला
उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि अतिक्रमण करते-करते एक दिन तुम घर तक चले जाना। सड़क पर वाहन नहीं चलने चाहिए? बुजुर्ग आदमी और बच्चे कहां चलेंगे? उन्होंने कहा कि अपने प्रॉफिट के लिए दुकान सड़क तक बढ़ा दी है अब भी सुधर जाओ नहीं तो सीज कर दूंगी। उन्होंने निगम अधिकारियों को दुकानदारों पर भारी चालान करने के सख्त निर्देश दिए और कहा कि यदि सुधार नहीं हुआ तो दुकानों को सीज कर दिया जाए।
इसके अलावा देर रात तक खुली दुकानों को पाबंद किया गया कि रात 10 बजे तक ही दुकानें बंद करनी होंगी, ताकि सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो। डॉ. निधि पटेल ने साफ कहा कि हर दुकान के बाहर कम से कम दो डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। उन्होंने रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए, ताकि सुबह तक बाजार और सड़कें पूरी तरह साफ-सुथरी मिलें। निरीक्षण के दौरान जोन उपायुक्त सुनील कुमार बैरवा, दिलीप भंभानी, उपायुक्त स्वास्थ्य देवानंद शर्मा सहित निगम के सफाई निरीक्षक भी मौजूद रहे।