राजस्थान: मेडिकल कॉलेजों में फ्रेशर्स के लिए RajCop ऐप अनिवार्य, रैगिंग की शिकायत सीधे पुलिस तक पहुंचेगी
अब मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की शिकायत दबाना या कार्रवाई में देरी करना आसान नहीं होगा। राजस्थान में प्रथम वर्ष के मेडिकल छात्रों को RajCop ऐप डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। इसके जरिए वे कॉलेज प्रशासन को बताए बिना सीधे पुलिस तक अपनी शिकायत पहुंचा सकेंगे।
विस्तार
मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग रोकने और नए विद्यार्थियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए राजस्थान सरकार ने नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। अब प्रदेश के सभी सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को RajCop Police App डाउनलोड करना होगा। इसके जरिए छात्र रैगिंग या किसी भी अप्रिय घटना की शिकायत सीधे पुलिस तक पहुंचा सकेंगे। उन्हें शिकायत के लिए पहले कॉलेज प्रशासन के माध्यम से जाने की जरूरत नहीं होगी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने बुधवार को मेडिकल कॉलेजों में एंटी रैगिंग व्यवस्था की समीक्षा के दौरान ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई बार कॉलेज प्रशासन तक शिकायत पहुंचने और उस पर कार्रवाई शुरू होने में देरी हो सकती है। RajCop ऐप से विद्यार्थी सीधे पुलिस को सूचना दे सकेंगे और समय रहते मदद मिल सकेगी।
SMS मेडिकल कॉलेज का एंटी रैगिंग मॉडल पूरे प्रदेश में लागू होगा
मंत्री ने जयपुर के सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज में तैयार की गई एंटी रैगिंग व्यवस्था और दिशा-निर्देशों को प्रदेश के सभी सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में लागू करने को कहा। इसके लिए SMS मेडिकल कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी दूसरे मेडिकल कॉलेजों का दौरा करेगी। कमेटी वहां के प्रशासन को रैगिंग रोकने के उपायों और शिकायतों के निस्तारण में मार्गदर्शन देगी।
कॉलेजों में कमेटी और एंटी रैगिंग स्क्वॉड रहेंगे सक्रिय
खींवसर ने निर्देश दिए कि सभी मेडिकल कॉलेजों में एंटी रैगिंग कमेटी और स्क्वॉड सक्रिय रहें। नियमित निरीक्षण और निगरानी की जाए तथा शिकायत मिलते ही उस पर कार्रवाई हो। कमेटियों की बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने के साथ शिकायतों, जांच और की गई कार्रवाई का रिकॉर्ड भी रखा जाए।
इसके अलावा नए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से एंटी रैगिंग शपथ पत्र लिए जाएंगे। कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे, ताकि विद्यार्थियों को रैगिंग के खिलाफ नियमों और शिकायत के तरीकों की जानकारी मिल सके। सीनियर विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को भी स्पष्ट रूप से बताया जाएगा कि रैगिंग किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।
यह भी पढें- राजस्थान: जयपुर में न्यू सांगानेर रोड पर फिर चला जेडीए का बुलडोजर, पिलर 84 से 109 तक हटाए जा रहे अतिक्रमण
फ्रेशर्स को मेंटर से मिलेगी पढ़ाई और मानसिक सहयोग
मंत्री ने कहा कि नए विद्यार्थियों को कॉलेज के माहौल में सहज बनाने के लिए मेंटर-मेंटी कार्यक्रम को मजबूत किया जाए। इसके तहत सीनियर शिक्षक या मेंटर प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं के साथ भावनात्मक और व्यक्तिगत परेशानियों में भी सहयोग देंगे। विद्यार्थी बिना किसी डर के अपनी बात रख सकें, ऐसा माहौल बनाने पर जोर दिया गया।
खींवसर ने कहा कि रैगिंग में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कॉलेज प्रशासन को निर्देश दिए कि एंटी रैगिंग व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। विद्यार्थियों को शिकायत के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों की जानकारी दी जाए और हर शिकायत पर तय समय में कार्रवाई हो।
बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त बाबूलाल गोयल, जनस्वास्थ्य निदेशक डॉ. रवि प्रकाश शर्मा, SMS मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी और एंटी रैगिंग कमेटी की अध्यक्ष डॉ. मोनिका जैन मौजूद रहीं।
