विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार सुबह 4 बजे भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का पंचामृत से पूजन-अभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान का आकर्षक श्रृंगार कर भस्म रमाई गई। बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर 'जय श्री महाकाल' के जयकारों से गूंज उठा। अश्विन शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि पर बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को भस्म आरती के लिए सुबह 4 बजे मंदिर के पट खोले गए। इसके बाद पंडे-पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन किया। फिर भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से तैयार पंचामृत अर्पित कर बाबा महाकाल का अभिषेक किया गया।
पूजन के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरि ओम का जल अर्पित किया गया। इसके बाद कपूर आरती हुई। फिर बाबा महाकाल को चांदी का मुकुट और मुंड माला धारण कराई गई। शुक्रवार के श्रृंगार की खास बात यह रही कि बाबा महाकाल का भांग से श्रृंगार किया गया। साथ ही भगवान को त्रिपुंड, त्रिशूल और त्रिनेत्र से सजाया गया। भस्म आरती में शामिल हुए श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। भगवान की भक्ति में लीन श्रद्धालु लगातार 'जय श्री महाकाल' के जयकारे लगाते रहे। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भस्म अर्पित करने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में दर्शन देते हैं।
महाकालेश्वर मंदिर में आरती का समय बदला
श्री महाकालेश्वर मंदिर में आरतियों का संशोधित समय अश्विन मास की पूर्णिमा यानी शरद पूर्णिमा तक प्रभावी रहेगा। मंदिर में प्रतिदिन होने वाली आरतियों का समय इस प्रकार है। भस्म आरती सुबह 4 बजे से 6 बजे तक होगी। दध्योदक आरती सुबह 7 बजे से 7:45 बजे तक और भोग आरती सुबह 10 बजे से 10:45 बजे तक होगी। इसके बाद शाम 5 बजे से 5:45 बजे तक संध्या पूजन किया जाएगा। संध्या आरती शाम 7 बजे से 7:45 बजे तक होगी, जबकि शयन आरती रात 10:30 बजे से 11 बजे तक होगी।
महाकालेश्वर मंदिर की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर
श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन, आरती, पूजन और दान सहित अन्य जानकारियां प्राप्त करने के लिए श्रद्धालु मंदिर की हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं। मंदिर की टोल फ्री हेल्पलाइन का नंबर 18002331008 है। इसके अलावा श्रद्धालु मंदिर से संबंधित जानकारी के लिए इन नंबरों पर भी 24 घंटे संपर्क कर सकते हैं: 0734-2559272, 0734-2559275, 0734-2559276 और 0734-2559277।