जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित हुआ है। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर उफनती नदियों और नालों को पार कर रहे हैं। जैतपुर क्षेत्र से ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक उफनती कसेड़ नदी के बीच स्टंटबाजी करते हुए दिखाई दे रहा है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार बोकरा में स्थित कसेड़ नदी का पुल रविवार सुबह से सोमवार को खबर लिखे जाने तक पानी में डूबा हुआ था। पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा था। इसी दौरान एक युवक अपनी जान की परवाह किए बिना पुल के ऊपर बह रहे पानी को पैदल पार करता नजर आया। युवक के इस तरह नदी पार करने का वीडियो किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार जिले में लगातार बारिश के चलते कई नदी-नाले उफान पर हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और लोगों को उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने की समझाइश दी जा रही है। इसके बावजूद कुछ लोग जबरन जोखिम उठाकर नदी और नालों को पार कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: इंदौर: पेट दर्द का इलाज करवाने गई बालिका की अस्पताल में मौत, परिजन ने लगाया डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप
सोन नदी में फंसे छह लोग
इधर रविवार को बाणसागर डैम के छह गेट खोले जाने के बाद सोन नदी का जलस्तर बढ़ गया था। इस दौरान सुखाड़ गांव के पास नदी में मछली पकड़ रहे छह लोग पानी के तेज बहाव के बीच फंस गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पांच लोगों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं एक व्यक्ति नदी के बीच फंसा रहा, जिसे करीब तीन घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद रविवार देर रात सुरक्षित बाहर निकाला गया।
छत्तीसगढ़ मार्ग भी प्रभावित
जैतपुर क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण कई नदी-नाले अब भी उफान पर हैं। पानी बढ़ने से छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाला भीतरी मार्ग भी प्रभावित हुआ था। सोमवार सुबह भी क्षेत्र के कई नदी-नालों में पानी का तेज बहाव जारी रहा। प्रशासन और पुलिस लगातार लोगों से नदी-नालों के आसपास सावधानी बरतने और पानी के तेज बहाव के बीच रास्ता पार नहीं करने की अपील कर रहे हैं।