सतना जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चित्रकूट की गुप्त गोदावरी गुफाओं में साधु के वेश में कथित पुजारी पवनदास उर्फ पवन पटेल पर जबरन गुफाओं के अंदर घुसकर अवैध रूप से पूजा-पाठ करवाने और लोगों की आस्था से खिलवाड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है।
कथित पुजारी पवन पटेल पर आरोप है कि वह न केवल अवैध रूप से कर्मकांड करवाता है, बल्कि मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई दान की धनराशि को भी जबरन उठाकर ले जाता है। जब वहां मौजूद चौकीदारों द्वारा इसका विरोध किया जाता है और गुफाओं के अंदर घुसने से मना किया जाता है, तो वह उन्हें जान से मारने की धमकियां देता है।
नगर परिषद द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर परिषद चित्रकूट द्वारा कथित पुजारी पवन पटेल के खिलाफ पूर्व में ही थाना चित्रकूट में शिकायत दर्ज करवाई जा चुकी है। इसके बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। कथित पुजारी पर मंदिर में चढ़ावा चोरी करने का एक कथित वीडियो वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़ें- एमपी में फिर झमाझम के आसार: 24-25 सितंबर को होगी तेज बारिश, पूर्वी हिस्से के इन जिलों में रहेगा ज्यादा असर
इस वीडियो के बाद पुलिस एक्शन में आ गई है और कार्रवाई की बात की जा रही है। इस मामले पर चित्रकूट थाना प्रभारी नीतेश तिवारी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। इस संदर्भ में पूर्व में भी शिकायत आ चुकी है। जल्द ही इस पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आम जनता और कर्मचारियों में इस मुद्दे को लेकर भारी रोष है कि एक कथित व्यक्ति धर्म की आड़ में कानून को ठेंगा दिखा रहा है। शिकायत के बाद भी अभी तक प्रकरण दर्ज नहीं होने पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की है। हालांकि, अब पुलिस एक्शन में है और कार्रवाई की बात कही जा रही है।