कपास उत्पादन और व्यापार के क्षेत्र में प्रदेशभर में अपनी अलग पहचान रखने वाली सबसे बड़ी कपास मंडी खरगोन में सोमवार को नवीन कपास सीजन का शुभारंभ विधिवत पूजन और नीलामी के साथ हुआ। प्रदेश की प्रमुख ए-ग्रेड कपास मंडियों में शामिल खरगोन मंडी में नए सीजन के पहले ही दिन कपास की अच्छी आवक देखने को मिली। मुहूर्त की नीलामी में किसान अश्विन दांगी की कपास को 8 हजार 411 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिला, जबकि दिनभर की नीलामी में अधिकतम भाव 8 हजार 595 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचा।
व्यापारी और जिनिंग उद्योग जुड़े हुए हैं
खरगोन मंडी कपास के बड़े व्यापारिक केंद्रों में गिनी जाती है। कपास उत्पादक क्षेत्र होने के साथ ही यहां बड़ी संख्या में व्यापारी और जिनिंग उद्योग जुड़े हुए हैं। सीजन के दौरान मंडी में लाखों क्विंटल कपास की खरीद-फरोख्त होती है। यहां से खरीदी गई कपास जिले और आसपास संचालित जिनिंग फैक्ट्रियों तक पहुंचती है, जहां उसका प्रसंस्करण कर गांठें तैयार की जाती हैं और फिर इन्हें देश के विभिन्न हिस्सों में भेजा जाता है। यही कारण है कि खरगोन मंडी को कपास व्यापार के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में देखा जाता है। नवीन कपास सीजन के शुभारंभ अवसर पर विधायक बालकृष्ण पाटीदार, संतोष पाटीदार, विष्णु रघुवंशी, रवि वर्मा, किसान संघ के प्रतिनिधि, मंडी सचिव शर्मिला निनामा सहित बड़ी संख्या में किसान और व्यापारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित राजेन्द्र परसाई द्वारा विधिवत कपास पूजन के साथ हुई। इसके बाद विधायक, व्यापारियों और मंडी अधिकारियों की उपस्थिति में नीलामी प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली पीजी हादसा: जान गंवाने वाले अक्षत का पार्थिव शरीर पहुंचा कटनी, इकलौते बेटे को देख बिलख पड़े माता-पिता
8 हजार 411 रुपये प्रति क्विंटल का भाव लगाया गया
मुहूर्त की पहली नीलामी में फर्म केके फाईन कॉट द्वारा खरगोन निवासी किसान अश्विन दांगी की कपास के लिए 8 हजार 411 रुपये प्रति क्विंटल का भाव लगाया गया। नए सीजन के पहले दिन मंडी में कुल 506 वाहनों से कपास की आवक हुई, जिसमें 48 बैलगाड़ियां भी शामिल थीं। दिनभर कपास का न्यूनतम भाव 5 हजार रुपये, अधिकतम भाव 8 हजार 595 रुपये और मॉडल भाव 7 हजार 500 रुपये प्रति क्विंटल रहा।प्रदेश की ए-ग्रेड कपास मंडी के रूप में पहचान रखने वाली खरगोन मंडी में नए सीजन की शुरुआत के साथ ही किसानों और व्यापारियों में बाजार को लेकर उत्साह दिखाई दिया। पहले दिन की आवक और बेहतर भाव ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में मंडी में कपास की आवक बढ़ने के साथ व्यापारिक गतिविधियां भी तेज होंगी। कार्यक्रम में कल्याण अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, मन्नालाल जायसवाल, गिरीराज महाजन, सुरेश गांधी, अनिल गोयल, मुकेश महाजन सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।