खरगोन: फर्जी CID अफसर और डॉक्टर बनकर नाबालिग को फंसाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने की कार्रवाई
खरगोन पुलिस ने उत्तर प्रदेश निवासी अबुझर खान को नाबालिग से मिलने पहुंचने पर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आया और खुद को शिक्षक, डॉक्टर, CID अधिकारी व कोचिंग संचालक बताकर नाबालिग का विश्वास जीतने की कोशिश की।
विस्तार
पुलिस ने उत्तर प्रदेश निवासी अबुझर खान को नाबालिग लड़की से मिलने खरगोन पहुंचने पर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग के संपर्क में आया था। उसने अलग-अलग मौकों पर खुद को शिक्षक, डॉक्टर, CID अधिकारी और कोचिंग सेंटर का संचालक बताकर नाबालिग का विश्वास जीतने की कोशिश की।
कई फर्जी पहचान बताकर किया संपर्क
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने नाबालिग को प्रभावित करने के लिए अलग-अलग पहचान बताई। उसने पहले खुद को एक प्रतिष्ठित स्कूल का शिक्षक बताया। इसके बाद डॉक्टर और CID का वरिष्ठ अधिकारी होने का दावा किया। आरोपी ने शहर में बड़ा कोचिंग संस्थान चलाने की बात भी कही थी। पुलिस के अनुसार, उसने फर्जी दस्तावेज और तस्वीरें दिखाकर नाबालिग का भरोसा हासिल करने की कोशिश की।
पढ़ें: पटवारी ने बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर पार की नदी; वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप, जानें क्या है पूरा मामला
परिजनों के संदेह के बाद पुलिस को दी सूचना
नाबालिग के परिजनों को आरोपी की गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। आरोपी के उत्तर प्रदेश से खरगोन पहुंचने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन और कुछ फर्जी पहचान पत्र जब्त किए हैं।
BNS और पॉक्सो के तहत केस दर्ज
कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी अबुझर खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या उसने पहले भी किसी अन्य स्थान पर इसी तरह की घटना को अंजाम दिया है।
