8 लेन एक्सप्रेस-वे के पहुंच मार्ग थांदला-कुशलगढ़ मार्ग पर शुक्रवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत के बाद पिकअप में आग लग गई। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ लोगों में आक्रोश फैल गया।
हादसे से नाराज ग्रामीण शनिवार को बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और थांदला-कुशलगढ़ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण सड़क पर बैठ गए, जिससे मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण राहगीरों, यात्री वाहनों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने मार्ग पर बढ़ते यातायात और लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि सड़क पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने अपनी समस्याएं और मांगें भी रखीं।
पढ़ें: इंदौर में हजारों छात्रों से सीधा संवाद करेंगे राहुल गांधी, नेहरू स्टेडियम में होगा कार्यक्रम
चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। थांदला एसडीएम भास्कर गाचले ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं और नाराजगी सुनी। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति शांत करने का प्रयास किया।
प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बातचीत के दौरान चक्काजाम समाप्त कराकर यातायात बहाल कराने के प्रयास किए गए। हालांकि, खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी थी और मार्ग पर यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया था।
चक्काजाम के कारण मार्ग पर कई वाहन फंसे रहे और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही थी। ग्रामीणों का आक्रोश हादसे के साथ-साथ मार्ग पर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी दिखाई दिया।