धामनोद थाना क्षेत्र के कुख्यात राऊ-खलघाट फोरलेन के गणपति घाट की नई सड़क पर मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। इंदौर से धामनोद की ओर सेवफल लेकर जा रही एक अनियंत्रित आयशर रैलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। वाहन के खाई में गिरते ही उसमें भीषण आग लग गई, जिससे उसका कैबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि चालक और परिचालक ने कूदकर अपनी जान बचा ली।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 12 बजे वाहन अचानक रैलिंग तोड़ते हुए सड़क से नीचे करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। वाहन के खाई में गिरते ही उसमें आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें: शहडोल: बीएसएनएल की केबल सुधारने गड्ढे में उतरा मजदूर, नाली की दीवार गिरने से मौत, परिजनों ने किया चक्काजाम
घटना की सूचना मिलते ही धामनोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल वाहन को भी बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे का शिकार हुई आयशर में बड़ी मात्रा में सेवफल भरे हुए थे। दुर्घटना के बाद वाहन का कैबिन पूरी तरह जल गया। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। धामनोद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही यह भी जांच कर रही है कि वाहन अचानक किस वजह से अनियंत्रित हुआ।