कुछ लोगों की कथित मारपीट और जान से मारने की धमकी से डरे एक परिवार ने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया, जिससे दो मासूम बेटियों की जान भी खतरे में पड़ गई। गुना से ट्रेन में सवार हुए पति-पत्नी शनिवार सुबह दमोह-कटनी रेलमार्ग पर बांदकपुर के पास अपनी ढाई साल की बेटी को लेकर चलती दयोदय एक्सप्रेस से कूद गए। हादसे में दंपती और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी दूसरी दो साल की बेटी ट्रेन में ही छूट गई।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, ट्रेन में अकेली रह गई बच्ची की तलाश और सुरक्षा के लिए कटनी आरपीएफ को सूचना दी गई। सुबह करीब 8:30 बजे बच्ची को कटनी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित उतार लिया गया।
गुना स्टेशन पर हुआ था विवाद
घायलों की पहचान गुना जिले के आरोन निवासी भगीरथ आदिवासी (29), उनकी पत्नी सविता आदिवासी (22) और बेटी रितिका के रूप में हुई है। अस्पताल में उपचार करा रही सविता ने बताया कि वह पति और दोनों बेटियों के साथ अशोकनगर स्थित अपने मायके से गुना स्टेशन पहुंची थीं। परिवार को आरोन जाना था। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उनके साथ विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए परिवार सामने खड़ी ट्रेन में बैठ गया। उन्हें पता नहीं था कि यह ट्रेन दमोह की ओर जा रही है।
पढे़ं: इंदौर में सड़क पर विवाद के बाद खूनी संघर्ष: रॉन्ग साइड से आ रहे युवकों ने किया चाकू से हमला, एक गिरफ्तार
ट्रेन में दोबारा दिखे कथित हमलावर तो घबराया परिवार
सविता के मुताबिक, सफर के दौरान उन्हें कथित हमलावर और उनके कुछ साथी ट्रेन में दिखाई दिए। परिवार को आशंका हुई कि वे उन्हें जान से मार देंगे। इसी डर और घबराहट में बांदकपुर के पास पति-पत्नी ने अपनी ढाई साल की बेटी को साथ लेकर चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इस दौरान उनकी दूसरी बेटी ट्रेन में ही रह गई।
आरपीएफ ने मासूम को सुरक्षित पहुंचाया
कटनी आरपीएफ की प्रधान आरक्षक पूनम भंडारी और कृष्ण स्नेही पांडे बच्ची को लेकर दमोह पहुंचे। अब बाल कल्याण समिति के माध्यम से उसे नाना-नानी के सुपुर्द करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घायल दंपती और बच्ची का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। दंपती ने कथित तौर पर मारपीट करने वाले लोगों को पहचानने में असमर्थता जताई है। फिलहाल घटना के पीछे बताए जा रहे विवाद और दंपती के आरोपों की जांच की जानी बाकी है।