जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर नाका चौकी के समन्ना गांव में युवक को बीच सड़क पर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को उसी घटनास्थल पर ले जाकर पैदल जुलूस निकाला, जहां उसने कथित तौर पर युवक पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया था। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान आरोपी को घटनास्थल पर ले जाया गया और बाद में न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मामले में सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की थी। वायरल वीडियो में आरोपी सड़क पर गिरे युवक के पैरों पर लगातार लाठी-डंडे बरसाता दिखाई दे रहा था। हमले के दौरान वह युवक से बार-बार पूछ रहा था कि उसने चोरी के मामले में उसका नाम क्यों लिया। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि घायल युवक के एक पैर में फ्रैक्चर हो गया। परिजन उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
ये भी पढ़ें- त्विषा शर्मा केस: पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को झटका, हाईकोर्ट ने जमानत याचिका कर दी खारिज
चोरी के मामले में नाम आने से पनपी थी रंजिश
जानकारी के अनुसार, करीब आठ दिन पहले समन्ना गांव में चोरी की एक घटना हुई थी। इस मामले में छोटेलाल पटेल नामक युवक को पुलिस ने पकड़ा था। पूछताछ के दौरान उसने साहब पटेल का नाम भी लिया था। इसके बाद पुलिस ने साहब पटेल के खिलाफ भी चोरी के मामले में प्रकरण दर्ज किया था और छोटेलाल को जेल भेज दिया गया था। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर साहब पटेल नाराज था और कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद वह फरार हो गया था।
करीब छह दिन पहले जब छोटेलाल जेल से छूटकर अपने गांव वापस पहुंचा, तो साहब पटेल ने कथित तौर पर उसे रास्ते में रोककर डंडों से हमला कर दिया। आरोपी ने मारपीट का वीडियो भी बनवाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद घटना ने तूल पकड़ लिया और पुलिस ने मारपीट के मामले में भी प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
गांव से गिरफ्तारी, उसी घटनास्थल पर लेकर पहुंची पुलिस
बुधवार को जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल ने पुलिस स्टाफ की मदद से आरोपी साहब लाल पटेल को समन्ना गांव से गिरफ्तार किया। इसके बाद देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम बुधवार शाम आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची। पुलिस ने उसी सड़क पर आरोपी का पैदल जुलूस निकाला, जहां युवक के साथ मारपीट की गई थी।
कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपी को न्यायालय लेकर पहुंची और पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद की गई सख्त कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।