दीपावली की खुशियां मनाने के लिए बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे दो चचेरे भाइयों का सफर समन्ना गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में खत्म हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की सामने से आई टक्कर ने 10 वर्षीय बालक की जान ले ली, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची डायल 112 और 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बालक को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बटियागढ़ थाना क्षेत्र के भटोला गांव निवासी बाबू बंसल अपने 10 वर्षीय चचेरे भाई दिव्यांशु के साथ रविवार रात हिंडोरिया से दीपावली की खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे थे। दोनों समन्ना गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें- वायु प्रदूषणः दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल हुआ स्वच्छ इंदौर? आधी रात को एक्यूआई 1700 के पार पहुंचा
राहगीर ने दिखाई तत्परता, अस्पताल पहुंचाया
हादसे के दौरान दमोह के गढ़ी मोहल्ला निवासी शेख सफीक वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने सड़क पर घायल पड़े दोनों लोगों को देखा तो तत्काल स्थानीय लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। उन्होंने सीएसपी एचआर पांडे को भी घटना से अवगत कराया। इसके बाद डायल 112 और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद 10 वर्षीय दिव्यांशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाबू बंसल का अस्पताल में उपचार जारी है।
बिना नंबर का ट्रैक्टर जब्त, चालक की तलाश
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर जबलपुर नाका चौकी पुलिस ने दुर्घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू की और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। खास बात यह है कि ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर वाहन चालक की पहचान करने में जुटी है। चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
दीपावली की खरीदारी कर घर लौट रहे मासूम की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। जिस घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां एक हादसे ने खुशियों को गम में बदल दिया। सोमवार को आवश्यक पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद बालक का शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों और ट्रैक्टर चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

घटनास्थल पर स्थानीय लोग एम्बुलेंस से अस्पताल भेजते हुए- फोटो : credit

इस ट्रैक्टर से हुआ हादसा।

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक