भिंड जिले के भारौली थाना क्षेत्र के चिटावली गांव में झिलमिल नदी में डूबे दो किशोरों के शव बरामद होने के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। दोनों किशोर आपस में चचेरे भाई थे और अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। बताया जा रहा है कि दोनों ग्वालियर से अपने बाबा के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव आए थे। इसी दौरान नदी में नहाते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।
जानकारी के मुताबिक चार बच्चे झिलमिल नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान कृष्णा और प्रिंस नदी के गहरे पानी में चले गए।दोनों को डूबता देखकर उनके साथ मौजूद बच्चों ने गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना भारौली थाना प्रभारी अभिषेक राय को दी गई।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल और रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नदी में दोनों किशोरों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।टीम ने देर शाम तक नदी में लगातार सर्चिंग की, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।काफी तलाश के बाद पहले कृष्णा का शव नदी से बरामद किया गया। इसके कुछ समय बाद दूसरे किशोर प्रिंस का शव भी बरामद कर लिया गया।दोनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पढ़ें: बेटे पर हुआ खून सवार, मां-नाना-नानी और मासूम बहन को लाठियों से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह सामने आई कि कृष्णा और प्रिंस दोनों ही अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। दोनों आपस में चचेरे भाई भी थे। परिवार के लोग बाबा के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ग्वालियर से चिटावली आए थे, लेकिन इसी दौरान नदी में नहाने के लिए जाना परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया।
दोनों किशोरों की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में श्राद्ध कार्यक्रम के चलते रिश्तेदार और परिवार के लोग जुटे थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है।पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया है। पुलिस के मुताबिक मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।घटना के बाद एक बार फिर नदी और गहरे जलस्रोतों में नहाते समय सावधानी बरतने की जरूरत सामने आई है।