बड़वानी जिले से गुजर रहे मुंबई-आगरा मार्ग पर ठीकरी थाना क्षेत्र के सेगवाल फाटे पर शनिवार रात चार वाहनों की जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर घायल हुए। तीन लोगों को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और जांच शुरू की।
ठीकरी में शनिवार रात करीब 11.30 बजे एबी रोड नेशनल हाईवे पर सेगवाल फाटे स्थित जायसवाल ढाबे के सामने क्रॉसिंग पर हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ब्रीजा कार क्रमांक एमपी 13 जेडटी 4106 सेगवाल फाटे से जुलवानिया की ओर जाने के लिए क्रॉसिंग कर रही थी। इसी दौरान इंदौर की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रॉले क्रमांक एनएल 01 एजी 2501 ने कार को टक्कर मार दी।
ये भी पढ़ें- दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे सीएम मोहन, अतिवृष्टि राहत की समीक्षा; बोले- बीमारी फैलने न दें
एक के बाद एक चार वाहन चपेट में आए
ट्रॉले की टक्कर से ब्रीजा कार के बाद वेगेनार कार क्रमांक एमएच 12 जेडडब्ल्यू 5708 भी चपेट में आ गई। इसके बाद ट्रॉले ने सड़क किनारे टायर की दुकान के पास पंचर बनाने के लिए खड़े ट्रक क्रमांक आरजे 29 जीबी 0452 को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक के आगे के परखच्चे उड़ गए और पंचर ट्रक दो हिस्सों में बंट गया। गनीमत रही कि दुकान पर मौजूद दुकानदार और अन्य लोग टक्कर देखकर भाग गए।
दो की मौत, दो गंभीर और तीन को मामूली चोटें
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही ठीकरी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर ठीकरी अस्पताल पहुंचाया। घटना में ब्रीजा कार में सवार अखिलेश पिता सुखदेव उम्र 45 वर्ष निवासी सेगांव, जिला खरगोन और ट्रक चालक संतोष पिता ब्रजलाल उम्र 36 वर्ष निवासी खल, तहसील सतवास, जिला देवास की मौत हो गई।
घायलों में बलराम पिता मालसिंह उम्र 30 वर्ष निवासी पालदा, इंदौर और यश पिता दिलीप राठौड़ उम्र 28 वर्ष निवासी रणगांव रोड, थाना राजपुर को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं वेगेनार में सवार सागर पिता गणेश, किरण पिता अशोक कदम और गौरव पिता बाबा साहेब, सभी निवासी पूना, को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को हाईवे एंबुलेंस और अन्य वाहनों से ठीकरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। ठीकरी थाना प्रभारी विकास बेनल ने बताया कि मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी गई है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है।

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन।