{"_id":"6ad1da78ef7608d8dc0483a7","slug":"video-kuldeep-pathania-harsh-mahajan-political-statements-himachal-rights-2026-10-16","type":"video","status":"publish","title_hn":"चंबा: कुलदीप पठानिया बोले हर्ष महाजन के आरोप निराधार, राजनीति में भाषा की मर्यादा रखें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चंबा: कुलदीप पठानिया बोले हर्ष महाजन के आरोप निराधार, राजनीति में भाषा की मर्यादा रखें
Ankesh Dogra
Updated Fri, 16 Oct 2026 01:34 PM IST
Link Copied
सांसद हर्ष महाजन की ओर से कांग्रेस और हिमाचल प्रदेश सरकार को लेकर दिए जा रहे बयानों पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने पलटवार किया है। उन्होंने हर्ष महाजन के आरोपों को निराधार और तथ्यों से परे बताते हुए राजनीति में भाषा की मर्यादा बनाए रखने की नसीहत दी। पठानिया ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनाने और गिराने का फैसला भाजपा नहीं, बल्कि हिमाचल की जनता करेगी। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और सभी को जनादेश का सम्मान करना चाहिए।
पठानिया ने कहा कि कांग्रेस के 20 साल तक सत्ता में नहीं आने जैसे बयान देना हर्ष महाजन की राजनीतिक सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हर्ष महाजन को राजनीतिक पहचान कांग्रेस ने ही दी है। उन्होंने चेतन्य शर्मा और भुट्टो प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनीतिक घटनाक्रमों के बावजूद सरकार गिराने के प्रयास सफल नहीं होंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से हिमाचल के हितों से जुड़े मुद्दे केंद्र सरकार के समक्ष उठाने का भी उल्लेख किया। एनएचपीसी से प्रदेश को मिलने वाली राशि का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जहां करीब 150 करोड़ रुपये मिलने की बात कही जा रही है, वहीं एनएचपीसी की विभिन्न परियोजनाओं से केंद्र को 1,600 से 2,000 करोड़ रुपये तक राजस्व मिलने का दावा है।
पठानिया ने मांग की कि हिमाचल प्रदेश को उसके अधिकारों के अनुरूप हिस्सा दिया जाए और बैरास्यूल बिजली परियोजना चंबा को सौंपी जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र से मिलने वाली सहायता कोई खैरात नहीं, बल्कि प्रदेश का अधिकार है। राज्य सरकार हिमाचल के हितों और जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है।
हर्ष महाजन पर निशाना साधते हुए पठानिया ने कहा कि भटियात क्षेत्र के विकास और टनल परियोजनाओं को लेकर तथ्यों के आधार पर बात होनी चाहिए। चंबा-चुवाड़ी जोत टनल का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि इसके निर्माण को अन्य टनलों से पहले करवाने के लिए मुख्यमंत्री स्तर पर बैठक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि परियोजना को बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर (बीओटी) आधार पर आगे बढ़ाने की योजना है।
पठानिया ने दोहराया कि राज्य सरकार हिमाचल के हितों की रक्षा और जनता के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी। इस मौके पर सदर विधायक नीरज नैयर और एपीएमसी चेयरमैन ललित ठाकुर भी मौजूद रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।