{"_id":"6acb39a6fc5ac085dd06b40d","slug":"video-naming-of-jewar-airport-anil-vij-supports-naming-it-after-pm-modi-2026-10-11","type":"video","status":"publish","title_hn":"जेवर हवाई अड्डे का नामकरण: अनिल विज ने किया पीएम मोदी के नाम पर रखने का समर्थन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जेवर हवाई अड्डे का नामकरण: अनिल विज ने किया पीएम मोदी के नाम पर रखने का समर्थन
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने उत्तर प्रदेश कैबिनेट द्वारा नोएडा हवाई अड्डे का नाम 'नरेंद्र मोदी हवाई अड्डा' रखे जाने के प्रस्ताव का पुरजोर समर्थन किया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव के विरोध पर पलटवार करते हुए कहा कि जिस प्रधानमंत्री ने वैश्विक मंच पर भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है और देश को हर क्षेत्र में विकास के पथ पर अग्रसर किया है, उनके नाम पर हवाई अड्डे का नाम जरूर होना चाहिए। विज ने कहा कि इससे लोग उनके व्यक्तित्व से प्रेरणा ले सकेंगे।
विपक्ष पर साधा निशाना
अनिल विज ने दिल्ली में हो रहे विरोध प्रदर्शनों और विपक्ष की भूमिका पर भी प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी विदेशी ताकतों के इशारों पर देश की शांति भंग करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग न तो कानून और संविधान का सम्मान करते हैं और न ही तय नियमों का पालन करते हैं।
जनता ने नकारा: विज
विज ने तंज कसते हुए कहा कि जनता इन दलों को हर जगह नकार चुकी है। हालिया उपचुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जनता इन नेताओं के तमाशे और शोर-शराबे की असलियत अच्छी तरह समझती है, इसीलिए चुनाव में इन्हें पूरी तरह रिजेक्ट कर दिया गया है।
जेवर हवाई अड्डे का नामकरण प्रस्ताव
उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने हाल ही में जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम 'नरेंद्र मोदी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट' करने का प्रस्ताव पारित किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक के बाद प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि अयोध्या में 500 वर्षों का इंतजार खत्म हुआ है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण भी प्रधानमंत्री जैसे साधक की सोच का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश से मां अन्नपूर्णा की मूर्ति वापस लाकर पुनः स्थापित कराना भी प्रधानमंत्री के प्रयासों का महत्वपूर्ण उदाहरण है। उन्होंने बताया कि कैबिनेट ने प्रधानमंत्री के योगदान की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है।
विकास और कनेक्टिविटी पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक्सप्रेसवे, हाईवे, क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) और मेट्रो का संचालन हो रहा है। जेवर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विकास सहित हवाई सेवाओं के विस्तार से एयर कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। बेहतर बुनियादी ढांचे के कारण उत्तर प्रदेश लॉजिस्टिक हब के रूप में उभरा है। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण इकाई और पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क जैसी परियोजनाएं औद्योगिक विकास को बढ़ावा दे रही हैं। इससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
किसानों और गरीबों के लिए योजनाएं
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों, वंचितों, पिछड़ों और महिलाओं के उत्थान के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को 10 प्रतिशत आरक्षण देने के फैसले का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, किसानों को एक लाख करोड़ रुपये दिए गए हैं। प्रदेश में 65 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।