Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi top news today including Student fell down from second floor of hostel and FIR in kidnapping case

Varanasi Top News: हॉस्टल की दूसरी मंजिल से नीचे गिरा छात्र, अपहरण मामले में दो पर केस समेत प्रमुख खबरें

Sun, 27 Apr 2025 01:08 AM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Sun, 27 Apr 2025 01:08 AM IST
सार

Varanasi News: संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का छात्र हॉस्टल के दूसरे मंजिल से फिसलकर नीचे गिर गया। उधर, विश्वनाथ धाम परिक्षेत्र में ड्रोन उड़ाने के मामले में एक का चालान किया गया। संक्षिप्त में पढ़ें वाराणसी की प्रमुख खबरें

विज्ञापन
Varanasi top news today including Student fell down from second floor of hostel and FIR in kidnapping case
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का छात्र हॉस्टल के दूसरे मंजिल से नीचे गिर पड़ा। तत्काल उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक ऊपचार के बाद बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया गया। शास्त्री तीसरे वर्ष का छात्र अमित वाजपेयी महामहोपाध्याय पं. शिव कुमार शास्त्री हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर बर्तन धूल रहा था। टोटी के पास काई जम गई थी। उसी पर अमित का पैर स्लिप करने से वह नीचे गिर गया। उसके सिर और पैर पर गंभीर चोटें आईं। फिलहाल ट्रॉमा सेंटर में अमित की हालत गंभीर बनी हुई है।  

विज्ञापन


विश्वनाथ धाम परिक्षेत्र में ड्रोन उड़ाने के मामले में एक का चालान
विश्वनाथ धाम परिक्षेत्र में शुक्रवार शाम ड्रोन उड़ाने के मामले में चौक थाने की पुलिस ने दालमंडी निवासी खुर्शीद का शांतिभंग के आरोप में चालान किया है। इंस्पेक्टर चौक विमल कुमार मिश्रा ने शनिवार को बताया कि खुर्शीद का 14 वर्षीय बेटा ड्रोन उड़ा रहा था। ड्रोन जब्त कर लिया गया है। खुर्शीद को हिदायत दी गई है कि बेटे को समझाए कि दोबारा ऐसी गलती न हो। खुर्शीद का चालान किया गया है। 
विज्ञापन


इसे भी पढ़ें; बीएचयू में पीएचडी प्रवेश मामला: कुलपति कार्यालय घेरकर बैठे छात्र, घंटों भीतर फंसे रहे शीर्ष अधिकारी
विज्ञापन
विज्ञापन


महिला को खिलाई एक्सपायर दवा, विरोध पर डॉक्टर ने किया हमला
अर्दली बाजार के डॉ. बीके सिंह पर एक्सपायरी डेट की दवा बचने और विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगा है। कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। सिकरौल निवासिनी कलावती देवी का अस्पताल में इलाज चल रहा था। 22 अप्रैल को शाम 5.30 बजे उनकी ओर से दी गई एक्सपायरी डेट की दवा खाने से रिएक्शन हो गया। बेटे ने जब डॉक्टर से बात बताई तो हाथ से दवा छीन ली गई और दो लेडीज कर्मचारियों ने गालीगलौज की। मना करने पर डॉक्टर ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। पीड़ित ने बताया कि मां के दोनों हाथ का मांस और हड्डी कट गई। साथ ही दाहिने उंगली की नस भी कट गई। कर्मचारियों ने मां को लाठी डंडे से मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। पर्स से दो हजार भी छीन लिए।

छात्रा के अपहरण के मामले में दो पर केस
शिवपुर थाना क्षेत्र में 20 साल की छात्रा के अपहरण का मामला सामने आया है। पिता ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने थानेरामपुर फूलपुर के हिमांशु यादव और बेलवा पिंडराई फूलपुर के अविनाश पर आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपियों ने 19 अप्रैल की रात छात्रा को जबरदस्ती स्कॉर्पियो में उठा लिया। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

अवैध प्लाटिंग को किया ध्वस्त
वीडीए वीसी पुलकित गर्ग के निर्देश पर वीडीए की टीम ने रामनगर, मौजा-चौरहट में 12 बीघा जमीन पर अवैध रूप से प्लॉटिंग पर ध्वस्तीकरण कराया। जोनल अधिकारी प्रकाश कुमार ने बताया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई होती रहेगी।  

इसे भी पढ़ें; Varanasi : एक्शन में अपर पुलिस आयुक्त, बोले- शास्त्री घाट के अलावा कहीं और किया धरना-प्रदर्शन तो होगा मुकदमा

Trending Videos

ब्रेकर से उछलकर बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
शिवरामपुर गोदाम थाना क्षेत्र के पास सड़क पर बने ब्रेकर से उछलकर एक बाइक सवार युवक घायल हो गया। भटपूरवां कला निवासी गुंजन (27) आयर बाजार जा रहा था, तभी शिवरामपुर गोदाम के समीप उसकी बाइक ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। ग्रामीणों ने तत्काल उसे सीएचसी चोलापुर पहुंचाया। जहां से गंभीर हालत में उसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया गया। 

पर्चा काउंटर पर खड़े होने पर लू से बचेंगे मरीज
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को अब पर्चा काउंटर पर खड़े होने के दौरान लू के थपेड़े नहीं झेलने पड़ेंगे। काउंटर के बाहर का स्थान खुला होने की वजह से मरीजों को परेशानी होती थी। अब जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार ने मरीजों को लू से बचाने के उद्देश्य से पंजीकरण काउंटर और वेटिंग एरिया को हरे रंग के पर्दे से ढक दिया गया है।  

इसे भी पढ़ें; UP News: आईएमएस बीएचयू और आईआईटी कानपुर मिलकर करेंगे काम, बेहतर चिकित्सा व्यवस्था है उद्देश्य
 
दालमंडी के व्यापारियों का मुद्दा विधानपरिषद में उठाएगी सपा
विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लालबिहारी यादव के नेतृत्व में सपा का प्रतिनिधि मंडल शनिवार को दालमंडी के व्यापारियों से मिला। व्यापारियों ने कहा कि दालमंडी पूर्वांचल का बड़ा व्यापारिक केंद्र है। यहां पूर्वांचल के छोटे-छोटे व्यापारी खरीदारी करते हैं। जीएसटी जमा करते हैं। यहां के व्यापारियों को बिना बसाए उजाड़ना न्याय संगत नहीं है। सपा ने मामले को विधानपरिषद में उठाने का भरोसा दिलाया।

इसे भी पढ़ें; वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर हादसा: टायर भ्रष्ट होने से बेकाबू होकर पलटी कार, नाबालिग चालक की मौत; मां घायल    

विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि क्षेत्र के पुराने नक्शे और कागज देखे हैं। यह गली पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत नहीं आती है। यहां सड़क बनाने का कोई औचित्य दिखाई नहीं दिखाई पड़ता है। मामले को विधान परिषद में उठाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में एमएलसी आशुतोष सिंहा, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, प्रदीप जायसवाल, जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट, दिलशाद अहमद डील्लू , हाजी नासिर जमाल, उमेश प्रधान, अजहर आलम शामिल रहे। 

छात्राओं ने मौन जुलूस निकालकर दी श्रद्धांजलि
कश्मीर में आतंकी घटना को लेकर शनिवार को रविंद्रपुरी कल्याण समिति और गोपी राधा बालिका विद्यालय की छात्राओं ने शांति मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया। जुलूस सुबह 7:30 बजे रविंद्रपुरी से निकला। सभी ने दो मिनट का मौन रख घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। मौन जलूस का नेतृत्व संरक्षक उमाशंकर अग्रवाल, अध्यक्ष अनुज डिडवानिया, उपाध्यक्ष प्रकाश सोनेजा, डॉ मनोज शाह, प्रकाश कलवानी, सलोनी शाह, अंकुर अग्रवाल,डॉ शालिनी शाह, डॉ रूबी शाह, अमृता शाही ने किया। रविंद्रपुरी कल्याण समिति की ओर से भावना सोनेजा ,अलका कलवानी, मीना मखीजा, कंचन झुनझुनवाला ने सहभागिता की।  

जनसूचना अधिकारी वादी को सकारात्मक रूप से सूचना दें
राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश ने शनिवार को सर्किट हाउस में सूचना के अधिकार के तहत लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण के संबंध में समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि आयोग स्तर से पुराने लंबित वादों का निस्तारण तेजी से किया गया है, लेकिन जनपद स्तर पर जागरूकता के अभाव में बहुत से वादों का निस्तारण नहीं हो पाता है। जिससे लोगों के मन में संदेह पैदा होता है, इसे दूर करने की जरूरत है। इसीलिए बिना वजह वादों को लंबित न रखें और वादों का तय समय में निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।

राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि सूचना देने में अनावश्यक देरी न करें, निर्धारित 30 दिनों के अंदर सूचना दे दें। जन सूचना जनता का अधिकार है और आपका दायित्व है कि लोगों को समय से सूचना उपलब्ध कराएं। जो सूचनाएं नहीं दी जा सकती उन सूचनाओं को इन्कार करने की भी सूचना दें और उसके बारे में स्पष्ट उल्लेख करे।

स्वामी अड़गड़ानंद के शिष्य नारद महाराज का स्वागत
स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के शिष्य नारद महाराज का शनिवार को स्वागत हुआ। रामापुरा देवकीनंदन हवेली के चबूतरे पर माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। प्रदेश के राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु समेत सभी ने उनका आशीर्वाद लिया। नारद महाराज ने कहा कि यथार्थ गीता को जीवन में उतारें, तभी जीवन की सार्थकता सिद्ध होगी। इस दौरान भंडारे में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।  

गाय का दूध कई बीमारियों को करेगा दूर
बीएचयू में एक कार्यक्रम कर भारतीय देसी गायों की उपयोगिताओं और रामायण-महाभारत के किस्सों से छात्र और छात्राओं को अवगत कराया गया। सामाजिक विज्ञान संकाय में मुख्य वक्ता प्रो ओ पी सिंह ने कहा कि आयुर्वेद में बताया गया है कि गाय का दूध, घी और दही कई बीमारियों के लिए रामबाण इलाज है। संकाय के समन्वित ग्रामीण विकास केंद्र की ओर से हुए कार्यक्रम में सामाजिक विज्ञान संकाय की डीन प्रो. वृंदा परांजपे ने कहा कि गाय और गौवंश का भारतीय संस्कृति और इतिहास से संबंध है। महाभारत और अन्य ग्रंथों में भारतीय गाय की उपयोगिता बताई गई।  

रेल यात्रियों को बांटे 2500 ओआरएस पैकेट
गर्मी के बढ़ते तापमान के बीच कैंट रेलवे स्टेशन पर शनिवार को रेल कर्मचारियों व यात्रियों में ढाई हजार ओआरएस के पैकेट बांटे गए। यह पैकेट रेलवे स्टेशन के सभी विभिन्न विभागों जैसे कि लोको पायलट लॉबी, गार्ड लॉबी, टीटीई लॉबी, जीआरपी, आरपीएफ, दूरसंचार विद्युत व यांत्रिक विभाग, ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रथम तथा द्वितीय के खंड, ट्रैक मेंटेनेंस स्टाफ, कुली व प्लेटफॉर्म पर मौजूद स्टाल वेंडर को दिया गया। स्टेशन सर्कुलेटिंग एरिया में पानी के दो प्याऊ भी यात्री सुविधा के लिए लगवाए गए। 

घाट किनारे शिवालयों के विग्रहों की कराई सफाई
नमामि गंगे गंगा विचार मंच की ओर से शनिवार को केदारघाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में सदस्यों ने देवाधिदेव महादेव के कई विग्रहों की सफाई की। गंगाजल से विग्रहों की सफाई कर गंगाजल से अभिषेक किया। चमेली का तेल, धूप, दीप, भस्म अर्पित कर पुष्पहार से शृंगार किया। गंगा किनारे दक्षिण भारतीय श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाएं रखने की अपील की। पिंडदान के लिए मुंडन कराने के बाद गंगा में बालों को फेंकने जा रही एक महिला श्रद्धालु को रोका और उसे समझाया। अभियान में रश्मि, साहू, जय विश्वकर्मा रहे।  
 
11 घंटे तक दिया एक्सल का प्रशिक्षण
बीएचयू के स्टाफ डेवलपमेंट सेल की ओर से कर्मचारियों को एमएस एक्सल का प्रशिक्षण देकर पेज लेआउट, स्प्रेडशीट बनाना, कंडीशनल फॉर्मेटिंग, सॉर्टिंग और फिल्टरिंग जैसे टूल सिखाए गए। एमएस एक्सल फॉर ऑफिशियल यूज टिप्स, ट्रिक्स एंड बेस्ट प्रैक्टिसेस की थीम पर शनिवार को 11 घंटे की कार्यशाला में प्रशासनिक कर्मचारियों की डिजिटल स्किल बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण दिया। उद्घाटन स्टाफ डेवलपमेंट सेल के समन्वयक प्रो. सुजीत कुमार दुबे ने किया। सहायक कुलसचिव राज कुमार सोनी ने कहा कि कई लोग आसान रास्ता चुनते हैं और तकनीक को गहराई से नहीं अपनाते। इस पहल को अमृत काल के पंच प्रण से जोड़ते हुए कहा कि ये प्रशिक्षण भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में मदद करेगा।  

कैंपस प्लेसमेंट में नहीं आई कंपनी, बैठे रहे अभ्यर्थी
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में शनिवार को कैंपस प्लेसमेंट में गुजरात की कंपनी नहीं आई। जिसकी वजह से परेशान होकर अभ्यर्थी वापस घर चले गए। गुजरात की कंपनी ने नहीं आने की कोई भी जानकारी पहले से दी थी। सुबह से ही आईटीआई के अध्यापक कंपनी का इंतजार करते रहे। यह पहली बार नहीं है जब प्राइवेट कंपनी ने ऐसा किया है। पहले भी ऐसा हो चुका है। अभ्यर्थियों में काफी नाराजगी है। उन्हें खाली हाथ वापस जाना पड़ा। कैंपस सेलेक्शन प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि कंपनी से बात की जा रही है। जल्द ही फिर से कैंपस प्लेसमेंट होगा। अभ्यर्थी भी कम आए थे। शुक्रवार को कैंपस प्लेसमेंट हुआ था।  

छात्रों को दिखाई मन्नू भंडारी की कहानी
आर्य महिला पीजी कॉलेज में हिंदी विभाग की ओर से शनिवार को संगोष्ठी में छात्राओं को मन्नू भंडारी की कहानी यही सच है, पर आधारित बासु चटर्जी निर्देशित फिल्म रजनीगंधा दिखाई गई। नई शिक्षा नीति के पाठ्यक्रम के अनुसार पाठ एवं संप्रेषण कहानी के अंतर्गत छात्राओं को साहित्य और सिनेमा के अंतर्संबंधों और संप्रेषण की अन्य विधाओं की भी जानकारी दी गई। मौके पर प्रो. सुचिता त्रिपाठी, डॉ. वंदना चौबे, डॉ. वीना सुमन,डॉ. सरिता मिश्रा, डॉ. अनुपम गुप्ता, डॉ. सुमन मौजूद रहीं।  

पशु चिकित्सा दिवस पर कुत्तों को लगाए गए टीके
विश्व पशु चिकित्सा दिवस पर पशुओं का समय से टीकाकरण कराने पर चर्चा की गई। इस दौरान 60 आवारा और 35 पालतू कुत्तों का टीकाकरण किया गया। बनारस पेट्स प्रैक्टिसनर्स एसोसिएशन (बीपीपीए) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कुछ छोटे पशुओं का उपचार भी किया गया। इस दौरान निशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण और कृमिनाशक दवा भी पशुओं को दी गई। कुत्तों का टीकाकरण करने के साथ ही 180 बकरियों को दवा पिलाई गई। पशु चिकित्सकों ने लोगों को भी पशुओं में होने वाली बीमारी के कारण और उपचार के बारे में जानकारी दी। अध्यक्ष डॉ. एससी श्रीवास्तव, महामंत्री डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि विश्व में रेबीज से हर साल 36 प्रतिशत और भारत में 18 हजार लोगों की मौत होती है। इस दौरान डाॅ. आरए वर्मा, डॉ. बीके सिंह, डॉ. संतोष गिरि डॉ. एनपी सिंह, डाॅ. विमलेश, डाॅ. सुधांशु मौजूद रहे।  

आतंकी घटना से खफा ट्रांसपोर्टरों ने फूंका पाकिस्तान का झंडा
बनारस टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की बैठक शनिवार को कैंटोनमेंट के एक होटल में हुई। इसमें सभी टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों ने देशहित में एकजुटता का संकल्प लिया। व्यवसायियों ने पाकिस्तान का झंडा जलाकर पहलगाम घटना पर आक्रोश व्यक्त किया।
अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह और प्रवक्ता शशि प्रताप सिंह ने कहा कि अगर आदेश मिला तो बीटीटीए के लोग पहलगाम बॉर्डर पर जाकर पाकिस्तान के आतंकियों को जन्नत भेजने का काम करेंगे। हम लोग गोली का जवाब गोला से देंगे। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात का भी निर्णय लिया।

महामंत्री प्रकाश जायसवाल ने कहा कि जब देश की बात हो तब हम सबको राजनीति छोड़, एकजुट होकर सच्चा हिंदुस्तानी बनना चाहिए। ऐसे समय में भी कुछ लोग राजनीतिक बयानबाजी से बाज नहीं आ रहे है। ऐसा करके वो पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं। इस दौरान घटना के मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान सुनील सिंह, प्रवीण श्रीवास्तव, प्रदीप सिंह, रोहित सिंह, नीलकमल, अखिलेश सिंह, काशी पटेल मौजूद रहे।

सचिव न होने से नौ गांवो का विकास प्रभावित
काशी विद्यापीठ विकास खंड के छितौनी और महमूदपुर क्लस्टर के ग्राम सचिव रमाकांत यादव को कार्य में अनियमितता के चलते बीते एक अप्रैल को डीपीआरओ ने निलंबित कर दिया था। एक माह बाद ग्राम सचिवों की तैनाती नहीं हो सकी है। इसके चलते कुटुंब रजिस्टर की नकल, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, फैमिली आईडी कार्ड समेत अन्य विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। छितौनी क्लस्टर में छह गांव जिसमें अनंतपुर, बखरिया, बनकट, छितौनी, सरहरी व सुरही तथा महमूदपुर कलस्टर में तीन गांव भट्ठी, धन्नीपुर व महमूदपुर कुल नौ गांव शामिल हैं। बीडीओ राजेश यादव ने बताया कि छितौनी व महमूदपुर कलस्टर में ग्राम सचिवों की तैनाती के लिए प्रस्ताव डीपीआरओ कार्यालय को भेजा गया है।  

तालाब के सुंदरीकरण की मांग
प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय में शनिवार को प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने जनसुनवाई की। इस दौरान काशी विद्यापीठ विकास खंड के भरथरा गांव के संत कुमार तिवारी ने कंपोजिट विद्यालय के पास के तालाब के सुंदरीकरण की मांग की है।  
  
अवध में बजेला बधईया हो रामा...से किया मगन
छावनी परिषद और दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में वरुणा संध्या में शनिवार को बीएचयू की शैफाली मुखर्जी ने सुमधुर सुरों से सभी के दिलों को जीत लिया। राग किरवानी द्रुत एकताल में बोल थे- तोरे बिन कलना पड़त...। राग पीलू में दादरा के बोल थे- मोरा सईया गयो परदेश...। चैती के बोल थे- अवध में बजेला बधईया हो रामा... के बाद होरी भी सुनाया। बोल थे- बरजोरी करो ना मोसे होरी में...। अंत में भजन- श्री राम कहो अंतर मन से...सुनाकर सभी को विभोर कर दिया। तबले पर ज्ञानस्वरूप मुखर्जी और संवादिनी पर कृष्ण कुमार तिवारी ने संगत की। कलाकारों को प्रमाण पत्र सोसायटी के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने दिया। संचालन तनुज कुमार वर्मा व धन्यवाद परिषद के अभियंता सचिन कुमार श्रीवास्तव ने दिया। इस मौके पर प्रसिद्ध मूर्तिकार बद्री प्रसाद प्रजापति, काशीराम कुशवाहा रहे।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed