फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top News Today 1 october latest news in hindi

Varanasi Top News: बस एक क्लिक में पढ़ें- वाराणसी की प्रमुख खबरें, जो दिनभर रहीं सुर्खियों में

Tue, 01 Oct 2024 05:56 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Tue, 01 Oct 2024 05:56 PM IST
सार

Varanasi Top News : उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में मंगलवार को कई खबरें सुर्खियों में बनी रहीं। इस दौरान कई खबरें चर्चा में रहीं। जिनमें आईआईटी बीएचयू में छात्र-छात्राओं को निलंबित किए जाने और डीआरएम बिल्डिंग में छापा मारने की खबरें शामिल रहीं। 

विज्ञापन
Varanasi Top News Today 1 october latest news in hindi
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बीएचयू में सामूहिक दुष्कर्म का विरोध करने वाले छात्रों को किया गया सस्पेंड

विज्ञापन

आईआईटी बीएचयू में छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का विरोध और पीड़िता के लिए न्याय मांगने वाले छात्र- छात्राओं को बीएचयू प्रशासन द्वारा निलंबित कर दिया गया गया है। प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई घटना के 11 महीने बाद की गई है। छात्रों ने कहा कि जब तीन में से दो आरोपी जेल से बाहर हैं, तब ये कार्यवाही की गई। 

DRM बिल्डिंग में सीबीआई का छापा
पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय लहरतारा में लखनऊ सीबीआई की टीम ने छापा मारा। मंगलवार की दोपहर धमकी सीबीआई की टीम इंजीनियरिंग विभाग के एक बड़े अधिकारी कोहिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एक ठेकेदार की शिकायत पर पहुंची सीबीआई को अधिकारी के खिलाफ पुख्ता सबूत मिले हैं।  
विज्ञापन


सोशल मीडिया की अभद्र टिप्पणियों पर लगेगा लगाम
आईआईटी बीएचयू में सोशल मीडिया प्लेटफार्म की अभद्र टिप्पणी पर लगाम लगाने के लिए एआई सॉफ्टवेयर बनाया गया है। इससे भारत की अलग अलग भाषाओं में होने वाली साइबर बुलिंग पर लगाम लगाई जा सकेगी। ये तकनीक डिजिटल और सोशल मीडिया पर अपमानजनक शब्दों को ट्रेस करेगा।  
विज्ञापन
विज्ञापन


सियार के हमले में दो लोग घायल, ग्रामीणों ने लाठी- डंडे से पीटकर मार डाला
वाराणसी जिले के चौबेपुर क्षेत्र के रामपुर (चंद्रावती) गांव में मंगलवार की रात में सियार ने आतंक मचाया। उसने दो लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। इस दौरान मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सियार को लाठी- डंडे से पीट- पीटकर मार डाला।  

छात्र की पिटाई से नाराज ग्रामीणों ने शिक्षक के खिलाफ स्कूल पर किया हंगामा
वाराणसी जिले में सेवापुरी/आराजी लाइन विकासखंड के ग्राम पंचायत हरसोस में स्थित कंपोजिट विद्यालय के अध्यापक एक छात्र की पिटाई की। जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह विद्यालय पर जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस से ग्रामीणों का कहना था कि अध्यापक को यहां से स्थानांतरित किया जाए और पिटाई से घायल बच्चे का इलाज कराया जाए।  

म्यूजिक आर्टिस्ट से छेड़खानी, एक्स पर पुलिस से शिकायत

वाराणसी जिले के लंका थाना क्षेत्र के अशोकपुरम कॉलोनी स्थित घर जा रही म्यूजिक आर्टिस्ट के साथ छेड़खानी की घटना के बारे में भाजपा नेता एडवोकेट दीपक सिंह राजवीर ने एक्स पर पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी। शिकायत के आधार पर डीसीपी काशी जोन ने लंका थाने की पुलिस को घटना से अवगत कराने को कहा। इस संबंध में थाना प्रभारी लंका शिवाकांत मिश्र ने बताया कि उनके पास कोई शिकायत लेकर नहीं आया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। 

ये है आरोप
आरोप है कि बजरंग नगर होते हुए म्यूजिक आर्टिस्ट अपने घर जा रही थी। घर से कुछ दूर पहले उसकी स्कूटी बिगड़ गई। वह पैदल ही स्कूटी लेकर जा रही थी। उसी समय दुर्गा मंदिर के समीप पीछे से टीवीएस एक्सल सवार एक युवक आकर पता पूछते हुए उससे छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर उसने युवती को धकेल दिया। युवती ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वाह भाग गया। आरोपी कॉलोनी में लगे सीसी कैमरे में कैद हो गया है। 

हेड कांस्टेबल से पत्नी की चेन छीनने के मामले में पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग
मंडुवाडीह चौराहे पर प्रयागराज में तैनात हेड कांस्टेबल सुभाष कुमार की पत्नी मनीषा कुमारी से चेन छीनने के मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। गत शनिवार की सुबह की इस घटना में मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने सीसी फुटेज की मदद से संदिग्ध गतिविधियों वाले दो युवकों को बाइक के साथ हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मनीषा की सोने की चेन बरामद करने के लिए सोमवार की देर रात तक प्रयासरत थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार मंगलवार को घटना का खुलासा किया जाएगा।

निलंबित अधीक्षण अभियंता एमडी कार्यालय से अटैच रहेंगे
उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन के चेयरमैन के निर्देश पर निलंबित अधीक्षण अभियंता वीपी कठेरिया को भिखारीपुर स्थित प्रबंध निदेशक यानी एमडी कार्यालय से अटैच किया गया है। रविवार को उनके निलंबन के बाद जारी आदेश के अनुसार कठेरिया एमडी कार्यालय से अटैच रहेंगे। इधर जिस तरह से पोल, तार शिफ्टिंग सहित बिजनेस प्लान से जुड़े जिस कार्य में लापरवाही का हवाला देते हुए निलंबन हुआ है, उसके पीछे इससे जुड़े विभागों से समन्वय न होने को भी वजह माना जा रहा है। 

पौधरोपण अभियान में लापरवाही पर उद्यान अधीक्षक का वेतन रोका, दो निलंबित, एक की सेवा समाप्त

एक पेड़ मां के नाम पौधरोपण अभियान में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सोमवार को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने कड़ा रूख अपनाया है। बीते 29 सितंबर को वृहद पौधरोपण अभियान कार्यक्रम में पूर्व में दिए गए निर्देश के बाद भी गड्ढों की खोदाई मानक के अनुरूप न करने के आरोप में नगर आयुक्त ने उद्यान अधीक्षक डॉ वीके सिंह का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया है। साथ ही अभियान के तहत उद्यान विभाग में कार्यरत माली अरविन्द, ट्रैक्टर चालक विजय नारायण को निलम्बित कर आउटसोर्सिंग पर कार्यरत माली सुरेन्द्र की सेवा समाप्त कर दी गई। 

मीरघाट धर्मकूप के समीप जर्जर भवन गिरा, तीन बाइकें क्षतिग्रस्त
मीरघाट धर्मकूप के समीप तीन मंजिला जर्जर भवन गिर गया है। मलबे में क्षेत्र की तीन बाइकें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। संयोग अच्छा रहा कि जिस समय मकान गिरा उस समय कोई नहीं था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। यह मकान सुमित यादव का बताया गया। इस भवन का अंतरगृही, पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग दौरान महत्व है। यहां शिवलिंग सहित कई विग्रह हैं। जर्जर भवन के बाकी हिस्से को नहीं गिराया गया तो दूसरे मकानों को भी क्षति पहुंच सकती है। क्षेत्र के पार्षद नरसिंह दास बाबा ने बताया कि यह बंद मकान था। इसमें कोई रहता नहीं था। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को फोन कर सूचना दी। जिसके बाद पहुंचे अधिकारियों ने मलबे को हटवाने की जुगत में जुट गए हैं।

चोरी की आरोपी महिलाओं का वाहन चालक गिरफ्तार
कालभैरव मंदिर में श्रद्धालुओं की चेन चुराने के मामले में बीते जुलाई महीने में जेल भेजी गई तीन महिलाओं के वाहन चालक को कोतवाली थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मऊ के बीबीपुर, निजामपुर, सुल्तानीपुर निवासी धर्मेंद्र उर्फ ढोला के रूप में हुई है। धर्मेंद्र ने बताया कि वह जेल भेजी गई महिलाओं की बोलेरो चलाता था। उनके कहने पर वह उन्हें वाराणसी सहित अन्य शहरों में ले जाता था। चोरी के गहनों को बेच कर महिलाओं को जो पैसा मिलता था, उसमें एक हिस्सा उसे भी वह देती थी।

जबरन पूजा पाठ को लेकर पुजारी की पिटाई
दुर्गाकुंड स्थित मंदिर परिषद रुद्रभैरव के पुजारी ज्ञानबाबू तिवारी और बच्चा तिवारी उर्फ राजा की मंदिर में जबरन पूजापाठ कराने को लेकर पिटाई कर दी। इस दौरान मंदिर में तोड़फोड़ की गई। मारपीट की घटना सीसी कैमरे में कैद है। पीड़ितों का आरोप है कि सारनाथ थाने क्षेत्र का रहने वाला युवक अपने साथियों के साथ पहुंचा और मारपीट की। तीन नामजद और अज्ञात के खिलाफ भेलूपुर थाने में तहरीर दी है।  

भाई के सामने नोंचा बहन का मंगलसूत्र, जीआरपी में मुकदमा दर्ज

15131 बरौनी-गोदिंया एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में भाई के सामने ही चोर ने बहन के गले से मंगलसूत्र नोंच लिया और ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। कैंट स्टेशन से ट्रेन खुलकर जैसे ही आउटर पर पहुंची तभी उचक्के ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने सतना जीआरपी में मुकदमा दर्ज कराया, जो कि कैंट जीआरपी में ट्रांसफर हुआ है। मप्र के सतना कोलगंवा थाना क्षेत्र निवासी कमलेश कुमार साहू के अनुसार वह अपनी बहन कल्पना साहू के साथ बरौनी से सतना की यात्रा कर रहा था। 

अवैध स्टैंड वसूली को लेकर कार चालक की पिटाई
रोडवेज कैंट क्षेत्र में अवैध स्टैंड पर सोमवार की सुबह वसूली को लेकर मनबढ़ों ने कार चालक की पिटाई कर दी। पीड़ित ने सिगरा थाने में तहरीर दी है। कछवा निवासी चालक कमलेश यादव के अनुसार वह अपनी गाड़ी लेकर प्रयागराज जा रहा था। इस दौरान स्टैंड में उसे दो युवकों ने रोका और पुलिस खर्च का हवाला देकर 100 रुपए मांगे। पैसा देने से इनकार करने पर मनबढ़ों ने पिटाई कर जेब से 700 रुपये भी निकाल लिया।  

मेडिकल वेस्ट फेंकने पर हेरिटेज हॉस्पिटल को नगर आयुक्त की चेतावनी नोटिस
कूड़े में मेडिकल वेस्ट फेंकने पर हेरिटेज हॉस्पिटल लंका को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने चेतावनी नोटिस दिया है। नगर आयुक्त ने हॉस्पिटल प्रबंधन से इस मामले में कार्रवाई कर अवगत कराने को कहा है। जारी नोटिस में कहा गया है कि नगर निगम से अनुबंध करने के बाद सामान्य कूड़े में काली पालीथिन में मेडिकल वेस्ट डाला जा रहा है। इनमें संक्रमित सुई, एक्सपायर दवाएं, मेडिकल सर्जरी व अन्य हानिकारक मेडिकल वेस्ट डाले गए हैं। इससे स्वच्छ वातावरण में असर पड़ रहा है। पर्यावरण संरक्षण अधिनियम का खुला उल्लंघन है। इसका पालन न करने पर पांच वर्ष की सजा और एक लाख रुपये का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। इसी प्रकार का अपराध जारी रखने पर 5 हजार रुपये प्रतिदिन जुर्माना और एक वर्ष की सजा को और बढ़ाया जा सकता है।

फ्लैट में कब्जा करने वालों समेत पीड़ित का भी पुलिस ने किया चालान

कोतवाली पुलिस ने फ्लैट में कब्जे को लेकर हुए मारपीट के मामले में आरोपियों के साथ पीड़ित सुशील अग्रवाल का भी चालान कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से सुशील अग्रवाल और उनका परिवार डरा सहमा हुआ है। फ्लैट मालिक ने बताया कि उन्हें संतोष यादव समेत 20-25 लोगों ने मारा पीटा, बीच बचाव में आई घर की महिलाओं की भी पिटाई की गई। उन्हें घायल अवस्था में मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। घर में घुस कर मारपीट और फ्लैट में जबरन कब्जा करने के संबंध में उन्होंने कोतवाली थाने में तहरीर भी दी थी। सोमवार सुबह कोतवाली पुलिस ने आरोपी संतोष यादव के साथ उनका भी चालान कर कमिश्नरेट कार्यालय भेज दिया।
 
बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंची पूनम महाजन
भाजपा के नेता स्व. प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन सोमवार को काशी विश्वनाथ धाम पहुंचीं। उन्होंने सपरिवार बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि विराट है, विख्यात है, सबके सिर पर जिसका हाथ है, वही काशी विश्वनाथ हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर के सपरिवार दर्शन करके मन को जो प्रसन्नता और ऊर्जा मिली है, वह अद्वितीय है। महादेव के चरणों में एक अद्भुत अनुभूति, जो हर भक्त के मन को आशीर्वाद से भर देती है। 
 
शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लगी
दुर्गाकुंड स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में दक्षिणी द्वार के समीप पूजन सामग्री व बर्तन की एक दुकान में सोमवार की सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। मंदिर के लोगों और दुकानदारों ने फोन कर बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पाया। आग लगने से दुकान में रखा पांच हजार रुपये का सामान और बिजली के उपकरण जल गए। दुकान दुर्गाकुंड के ही रहने वाले पप्पू राम की है।  
 
दुष्कर्म के आरोपी बाबा की जमानत अर्जी खारिज
महिला को धोखे से प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर खिलाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत ने कबीर नगर, भेलूपुर निवासी बाबा चंद्रभूषण सिंह उर्फ प्रभु की जमानत अर्जी खारिज कर दी। अभियोजन के अनुसार पीड़िता शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि उसके पति चंद्रभूषण उर्फ प्रभु के शिष्य थे और उन्होंने ही उसे बाबा से आश्रम में मिलवाया। आरोपी चंद्रभूषण उर्फ प्रभु ने उसे और उसके पति को शिवपुर स्थित आश्रम में एक कमरा रहने के लिए दे दिया। अगस्त 2022 में प्रभु ने धोखे से प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे खिला दिया। जिससे वह अचेत हो गई। इसके बाद प्रभु ने उसके साथ दुष्कर्म किया। 

महिला से मारपीट के आरोपी पर कार्रवाई के लिए लगाया जाम

रुस्तमपुर चौराहे पर एक फल विक्रेता पर पिटाई का आरोप लगाकर एक महिला के परिजनों ने जाम लगा दिया और नारेबाजी करने लगे। सभी का कहना था कि पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है। चौबेपुर थानाध्यक्ष ने सभी को समझा-बुझाकर शांत कराया।

चौबेपुर थाना क्षेत्र के चिरईगांव निवासी एक व्यक्ति की रुस्तमपुर चौराहे पर फल की दुकान है। वहीं से फल लेकर गांव के लल्लन राम की पत्नी सीमा देवी ठेले पर बेचती है। ग्रामीणों के अनुसार शनिवार की शाम फल के बकाया पैसे के लिए शिवमंगल व सीमा के बीच कहासुनी और मारपीट हुई। मारपीट में सीमा को चोट लगी। घर वालों ने पुलिस को सूचना दी और सीमा का उपचार कराया। सोमवार की सुबह सीमा के घर वाले उसे ट्राॅली पर लेटा कर फल दुकानदार की दुकान के सामने रुस्तमपुर चौराहे पर पहुंचे और कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस के विरोध में नारेबाजी करने लगे। सूचना पाकर चौबेपुर थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
 
सामान का पैसा मांगने पर मनबढ़ों ने दुकानदार को पीटा, केस दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा के दुकानदार और दैनिक समाचार पत्र के संवाददाता शिवम गुप्ता को मनबढ़ों ने सोमवार को पीट दिया। मारपीट की घटना सीसी कैमरे में कैद हुई है। फूलपुर थाने में दो आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।

शिवम गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट की अपनी दुकान पर बैठे थे। सुबह 10 बजे पिंडरा गांव के अखिलेश यादव और सचिन यादव आए। दोनों बगैर रुपये दिए ही सिलाई मशीन का पार्ट लेकर जाने लगे। पैसा देने को कहा तो वह गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगे। इसके साथ ही 2200 रुपये भी छीन लिए। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया। उधर, पिंडरा और फूलपुर व्यापार मंडल के पदाधिकारी फूलपुर थाने पहुंचे और मनबढ़ों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।  
 
तीर्थयात्रियों का 1.60 लाख रुपये और एक मोबाइल चोरी
रोहनिया। भास्करा तालाब, केशरीपुर पर आराम करने के लिए रुके मध्य प्रदेश के तीर्थ यात्रियों के एक लाख 60 हजार रुपये और एक मोबाइल एक चोर चुरा ले गए। घटना के संबंध में सोमवार को रोहनिया थाने की पुलिस को भुक्तभोगियों ने तहरीर दी। पुलिस एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सुमरिया सागर, मध्य प्रदेश से तीर्थ यात्रियों को लेकर टूरिस्ट बस गया जा रही थी। भास्करा तालाब, केशरीपुर पर रविवार की रात आराम करने के लिए सभी रुके थे। ट्रेवल एजेंट देवपरण पटेल ने बताया कि रात एक आदमी वहीं घूम रहा था। सभी लोग सो गए और भोर में उठे तो बैग गायब था।  
 
चोरी के आभूषण और नकदी के साथ गिरफ्तार, जेल गया
सारनाथ। हिरामनपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप से चोरी के आरोप में सारनाथ पुलिस ने सोमवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 21 हजार रुपये और आभूषण बरामद हुए। सारनाथ थानाध्यक्ष परमहंस गुप्ता ने बताया कि सूचना मिली थी कि खालिसपुर, सरायमोहाना निवासी आशीष कुमार उर्फ कंचन राम चोरी के आभूषण बेचने की फिराक में है। उसे पकड़ा गया। उसके पास से नकदी और गहने बरामद हुए।

अंतिम दिन जमा हुआ 3.50 करोड़ रुपये गृहकर

गृहकर जमा करने पर 10 प्रतिशत छूट के अंतिम दिन 3.50 करोड़ रुपये नगर निगम के कोष में आए। अब तक 85 हजार लोगों ने 34 करोड़ रुपये जमा कराए। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर ने बताया कि 30 सितंबर तक गृहकर जमा करने वालों को 10 प्रतिशत की छूट दी गई है। सबसे अधिक वरुणा पार में 25477 और सबसे कम कोतवाली में 7699 लोगों ने गृहकर जमा किए। इस दौरान कई लोगों ने एडवांस टैक्स भी जमा कर दिया ताकि उन्हें अगली बार भी छूट मिल सके।  
 
वाराणसी-जम्मू के लिए शुरू हो सीधी विमान सेवा
नवरात्र को देखते हुए मछलीशहर से सपा सांसद और हवाईअड्डा सलाहकार समिति की अध्यक्ष प्रिया सरोज ने वाराणसी-जम्मू के बीच सीधी विमान सेवा शुरू करने की मांग की है। सोमवार को उन्होंने इंडिगो के निदेशक (ऑपरेशन) सुरिंदर पाल सिंह नरली को बाबतपुर एयरपोर्ट पर पत्रक सौंपा।

उन्होंने बताया कि काशी से माता वैष्णो देवी दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जम्मू जाते हैं। सीधी विमान सेवा नहीं होने के कारण उन्हें रेलवे या फिर कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी पड़ती है। पर्यटन के लिहाज से भी सीधी विमान सेवा नहीं होने से काफी असर पड़ा है। सांसद ने बताया कि वाराणसी-जम्मू के बीच इंडिगो की सीधी विमान सेवा एक वर्ष पहले संचालित थी, लेकिन किन्हीं कारणों से विमान सेवा को बंद कर दिया गया।

बैठक के दौरान सांसद प्रिया सरोज ने विमानों के संचालन में आ रही परेशानियों से भी अवगत कराया। वाराणसी एयरपोर्ट पर आईएलएस कैटेगरी 3 के न होने के कारण ठंड के मौसम में कम दृश्यता के कारण विमान को लैंडिंग और टेक ऑफ में दिक्कत होती है। इस कारण विमानों को डायवर्ट या निरस्त करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस विमान को लैंड करने के लिए कम से कम 900 मीटर की दृश्यता की आवश्यकता होती है। यदि रनवे के बाहर किसानों की निजी जमीन में एप्रोच लाइट लग जाए तो 600 मीटर दृश्यता में भी विमान लैंड हो सकता है। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने एयरपोर्ट के सीएसआर फंड से बसनी स्थित हॉस्पिटल को संचालित कराने का भी अनुरोध किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed